रायपुर |स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने प्रदेश के तीन शहरों में पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का डिजिटल शुभारंभ किया। इनमें रायगढ़ के दो, जगदलपुर के दो तथा भाटापारा का एक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल है। उन्होंने सिविल लाइन स्थित नवीन विश्राम भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बलौदाबाजार शहर में छह नए स्वास्थ्य सुविधा केंद्रों का भी शुभारंभ किया। स्वास्थ्य मंत्री ने रायपुर के तीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों भनपुरी, राजातालाब और भाठागांव के ‘हमर अस्पताल’ के रूप में उन्नयन के बाद आज वहां नई सुविधाओं की शुरूआत भी की। उन्होंने रायपुर के काशीराम नगर और मठपुरैना तथा राजनांदगांव के लखोली में तीन नए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के भवन निर्माण के लिए भूमिपूजन भी किया। इनके निर्माण के लिए शासन द्वारा 75-75 लाख रूपए स्वीकृत किए गए हैं। श्री सिंहदेव ने लोकार्पण कार्यक्रम में जगदलपुर, रायगढ़, बलौदाबाजार, राजनांदगांव तथा रायपुर के भनपुरी व भाठागांव से वीडियो कॉन्फ्रेंस से जुड़े जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज शुरू हो रहे इन नए स्वास्थ्य केंद्रों से स्थानीय स्तर पर करीब सात लाख की आबादी को स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे इन स्वास्थ्य केंद्रों की कमियों एवं खामियों से विभाग को अवगत कराते रहें जिससे उनमें सुधार कर लोगों को बेहतर सेवाएं मुहैया कराई जा सके। स्वास्थ्य मंत्री ने सभी नए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधिकारियों से वहां कार्यरत मेडिकल स्टॉफ और दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
