धमतरी। अवैध शराब के क्रय-विक्रय एवं परिवहन के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने लाल बगीचा दुकान चौक के पास स्कूटी से अवैध देशी शराब का परिवहन करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 पौवा देशी मसाला शराब और शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत 83 हजार 300 रुपये बताई गई है।
सिटी कोतवाली पुलिस को गश्त एवं मुखबिर सूचना के दौरान लाल बगीचा दुकान चौक के पास एक स्कूटी सवार व्यक्ति के संदिग्ध अवस्था में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्कूटी सवार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 30 पौवा देशी मसाला शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुजराम यादव, पिता सुरेश यादव, उम्र 50 वर्ष, निवासी लाल बगीचा वार्ड, धमतरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 पौवा देशी मसाला शराब, जिसकी कीमत 3 हजार 300 रुपये है, तथा एक स्कूटी, जिसकी कीमत 80 हजार रुपये है, जब्त की। इस तरह कुल 83 हजार 300 रुपये का मशरूका बरामद किया गया।
आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 246/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में अपराध पंजीबद्ध किया गया। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त एवं विधिसम्मत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
