Home Latest पुरानी रंजिश में घर में घुसकर चाकू-रॉड से हमला, 4 आरोपी गिरफ्तार;...

पुरानी रंजिश में घर में घुसकर चाकू-रॉड से हमला, 4 आरोपी गिरफ्तार; नाबालिग भी अभिरक्षा में

धमतरी। पुरानी रंजिश को लेकर दानीटोला में घर में घुसकर चाकू, लोहे की साकप रॉड, डंडे और ईंट से हमला करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू, लोहे की साकप रॉड, खून लगा लकड़ी का डंडा और ईंट के टुकड़े बरामद किए हैं। मामले में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे दानीटोला निवासी गुलशन साहू अपने भाई डोमेंद्र साहू और माता-पिता के साथ घर पर था। इसी दौरान रितेश ध्रुव और राम साहू घर के मुख्य दरवाजे पर पहुंचे और लात मारकर गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थरों से हमला किया। इस दौरान गुलशन के पिता धनीराम को चोटें आईं।

घटना के कुछ समय बाद आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा घातक हथियार लेकर पहुंचे और गुलशन साहू तथा उसके परिजनों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने चाकू, लोहे की साकप रॉड, लकड़ी के डंडे और ईंट से वार किए। हमले में गुलशन साहू और उसके भाई को चोटें आईं। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 243/2026 के तहत धारा 296, 351(2), 109(1), 191(2), 191(3) बीएनएस तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

विवेचना के दौरान एफएसएल टीम की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी और तलाश अभियान चलाकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल धारदार चाकू, लोहे की साकप रॉड, खून लगा लकड़ी का डंडा और ईंट के टुकड़े विधिवत जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों में रितेश कुमार ध्रुव पिता मातम सिंह ध्रुव उम्र 19 वर्ष निवासी भक्तिन गुढ़ी बैगापारा दानीटोला, आलेख रामटेके पिता स्वर्गीय सूरज रामटेके उम्र 18 वर्ष 4 माह निवासी महारापारा दानीटोला, राम साहू पिता गिरवर साहू उम्र 19 वर्ष निवासी बरपारा दानीटोला तथा चन्द्रेश्वर उर्फ गोलू धुरी पिता दशरथ सिंह धुरी उम्र 26 वर्ष निवासी दानीटोला स्कूल पारा, वार्ड क्रमांक 19 धमतरी शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि प्रकरण में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश के लिए टीम लगातार प्रयास कर रही है। गिरफ्तार चारों बालिग आरोपियों को न्यायालय धमतरी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई को सिटी कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले, गुंडागर्दी और हिंसक गतिविधियों में शामिल तथा अवैध हथियारों का इस्तेमाल कर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त एवं विधिसम्मत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Exit mobile version