Home Latest सोनकर समाज महिला प्रकोष्ठ ने उत्साह और उमंग के साथ मनाया सावन...

सोनकर समाज महिला प्रकोष्ठ ने उत्साह और उमंग के साथ मनाया सावन महोत्सव

सामाजिक एकता, संस्कार और नारी शक्ति की सुंदर झलक बना आयोजन — महापौर रामू रोहरा

धमतरी | सावन माह की पावन बेला में सोनकर समाज महिला प्रकोष्ठ, धमतरी द्वारा रामबाग स्थित सोनकर समाज भवन में भव्य एवं गरिमामय सावन महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति, सामाजिक एकता और नारी शक्ति का सुंदर संगम देखने को मिला। समाज की महिलाओं सहित बड़ी संख्या में समाजजन, जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी आयोजन में शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा रहे। महापौर सहित उपस्थित अतिथियों एवं समाजजनों ने भगवान श्रीराम की विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद सावन पर्व की परंपराओं और सांस्कृतिक उत्सव का महिलाओं ने उत्साहपूर्वक आनंद लिया।

महिलाओं को साड़ी वितरण कर बढ़ाया उत्साह इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने सोनकर समाज की महिलाओं को साड़ी का वितरण किया। साड़ी प्राप्त कर महिलाओं में विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली। महापौर ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और उनका उत्साहवर्धन समाज की मजबूती का आधार है। ऐसे आयोजन महिलाओं को आपस में जोड़ने, अपनी संस्कृति एवं परंपराओं को आगे बढ़ाने तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने सावन महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सावन का पर्व हमारी आस्था, परंपरा और संस्कृति से गहराई से जुड़ा हुआ है। समाज द्वारा आयोजित ऐसे कार्यक्रम आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करते हैं तथा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

नशामुक्त समाज का लिया संकल्प सावन महोत्सव को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार, समाज और युवा पीढ़ी को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। आयोजन के माध्यम से स्वस्थ, संस्कारित और नशामुक्त समाज के निर्माण का सकारात्मक संदेश दिया गया।

महापौर रामू रोहरा ने कहा कि समाज की प्रगति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिला शक्ति को सम्मान और अवसर देकर ही समाज को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और संस्कारवान समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

“एक पेड़ मां के नाम” के तहत किया वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए “एक पेड़ मां के नाम अभियान” के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। अतिथियों एवं समाजजनों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कहा गया कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए हमारी जिम्मेदारी भी है।

सावन महोत्सव के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह और उमंग दिखाई दी। धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण के बीच आयोजित इस आयोजन ने महिला सम्मान, सामाजिक एकता, भारतीय संस्कार, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का प्रभावी संदेश दिया।

कार्यक्रम में अनिता सोनकर (अध्यक्ष, सोनकर समाज महिला प्रकोष्ठ), डॉ. संतोष सोनकर, डॉ. पार्वती सोनकर, संतोष सोनकर (अध्यक्ष, सोनकर समाज जिला धमतरी एवं पार्षद कोष्टापारा वार्ड), यशोदा सोनकर (प्रदेश अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ सोनकर समाज महिला प्रकोष्ठ), पार्षद ईश्वर सोनकर, अज्जू देशलहरे, नंदू लोधी, रुखमणी सोनकर (उपाध्यक्ष), सीमा सोनकर (उपाध्यक्ष), डॉ. सरिता सोनकर (सचिव), हेमलता सोनकर (सहसचिव), गणेशी सोनकर (कोषाध्यक्ष), नंदनी सोनकर (उपकोषाध्यक्ष), दुर्गा सोनकर (मीडिया प्रभारी), रश्मि सोनकर (सह मीडिया प्रभारी), रुखमणी सोनकर (सलाहकार), चंचल सोनकर (सलाहकार), सरस सोनकर (सलाहकार), धनेश्वरी सोनकर (सलाहकार) सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, महिला प्रकोष्ठ की सदस्याएं एवं समाजजन उपस्थित रहे।

आयोजन के सफल एवं गरिमामय संपन्न होने पर सोनकर समाज महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और समाजजनों का आभार व्यक्त किया।

Exit mobile version