Home Latest सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप धमतरी में सुरक्षित फुटपाथ निर्माण की...

सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप धमतरी में सुरक्षित फुटपाथ निर्माण की मांग

धमतरी। जन जागरण सेवा समिति धमतरी ने शहर में पैदल चलने वाले नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थित, सुरक्षित एवं अतिक्रमण मुक्त फुटपाथों का निर्माण कराने की मांग की है।

समिति के अध्यक्ष मितेश जैन ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने अपने महत्वपूर्ण निर्देश में स्पष्ट किया है कि पैदल यात्रियों के लिए उचित फुटपाथ उपलब्ध होना आवश्यक है। फुटपाथ इस प्रकार बनाए जाने चाहिए कि वे दिव्यांगजन सहित सभी नागरिकों के लिए सुगम और उपयोग योग्य हों तथा फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण को हटाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि धमतरी शहर में अनेक प्रमुख मार्गों पर फुटपाथों की कमी, खराब स्थिति अथवा अतिक्रमण के कारण पैदल चलने वाले नागरिकों को सड़क पर चलना पड़ता है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसलिए नगर निगम एवं संबंधित विभागों जैसे पीडब्ल्यूडी को नव निर्माण में विशेष रूप से प्राथमिकता के आधार पर फुटपाथ निर्माण एवं सुधार का कार्य करना चाहिए।

समिति की प्रमुख मांगें

समिति ने प्रमुख एवं व्यस्त मार्गों पर मानक के अनुरूप फुटपाथ निर्माण कराने की मांग की है। साथ ही फुटपाथों को दिव्यांगजन, बुजुर्गों और बच्चों के लिए सुगम बनाने, फुटपाथ पर होने वाले स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण को हटाने की मांग की गई है।

समिति के अनुसार स्कूल, अस्पताल, बाजार, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं प्रमुख चौराहों के आसपास पैदल यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था की जानी चाहिए। फुटपाथ निर्माण में Indian Roads Congress (IRC) की pedestrian safety guidelines का पालन किया जाए तथा फुटपाथों की नियमित निगरानी एवं रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित जेब्रा क्रॉसिंग, उचित संकेतक एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।

मितेश जैन ने कहा कि, “फुटपाथ केवल सड़क का हिस्सा नहीं, बल्कि आम नागरिक के सुरक्षित आवागमन का अधिकार है।” उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी पैदल चलने के अधिकार को मौलिक अधिकारों से जोड़ा है और स्थानीय निकायों पर सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित फुटपाथ उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी पर जोर दिया है।

उन्होंने नगर निगम धमतरी एवं जिला प्रशासन से मांग की कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों को गंभीरता से लेते हुए धमतरी शहर में फुटपाथ निर्माण, सुधार एवं अतिक्रमण हटाने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए।

Exit mobile version