Home Latest श्रावण मास का आज चौथा सोमवार, शिवालयों में उमड़ी भक्ति की भीड़

श्रावण मास का आज चौथा सोमवार, शिवालयों में उमड़ी भक्ति की भीड़

रायपुर । भोलेनाथ के अतिप्रिय सावन माह का आज चौथा सोमवार है। शिवभक्तों की भीड़ आज सुबह से ही शिवालयों में उमड़ पड़ी। शहर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही बाबा भोलेनाथ की जयघोष सुनाई देने लगी थी। आज शिवालयों में विभिन्न तरीकों से भोलेनाथ की पूजा-अर्चना, तरह-तरह के अभिषेक आदि का क्रम चल रहा है।

शहर के शिवालयों में आज सुबह से ही भक्त बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना में जुट गए हैं। भगवान आशुतोष को श्रावण माह अतिप्रिय है, यही वजह है कि सावन माह आते ही भोले के भक्तों में एक नई ऊर्जा का संचार होने लगता है। इसके अलावा आमजन भी शिवभक्ति में रम जाते हैं। शिवालयों में भक्तों के जयकारों से पूरा वातावरण शिवभक्ति में डूब गया है। चौथा सोमवार होने के कारण आज शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही उमडऩे लगी थी। शहर के प्राचीन बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर, हटकेश्वर महादेव मंदिर, नरहरेश्वर महादेव मंदिर, बंजारेश्वर महादेव मंदिर, मठपारा स्थित नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही भक्तों व श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था। सभी भक्त शिव जी की पूजा-अर्चना में रमे हुए दिखे। भोलेनाथ को प्रिय बेलपत्र, आक, धतूरा, कनेर का पुष्प चढ़ाकर तथा जलाभिषेक कर भक्तों ने देवादिदेव को अपनी भक्ति समर्पित कर घर-परिवार की खुशहाली की कामना की। देवालयों में आज युवा वर्ग भी काफी अधिक संख्या में पहुंच रहे हैं। इसके अलावा कांवडिय़ों का जत्था भी बोल बम के नारे लगाते हुए देवालयों व शिवालयों में पहुंच रहे हैं।

Exit mobile version