Home Latest विधायक ओंकार साहू ने कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन पर उठाए गंभीर सवाल

विधायक ओंकार साहू ने कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन पर उठाए गंभीर सवाल

धमतरी में मासूम से दुष्कर्म , परिजनों की सजगता से टली बड़ी घटना , विधायक ओंकार साहू ने कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन पर उठाए गंभीर सवाल
धमतरी। जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता के बीच एक अत्यंत गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। कुरुद थाना क्षेत्र के एक ग्रामीण इलाके में एक मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म के प्रयास की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर जब गांव के अधिकांश लोग अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे, उस दौरान पीड़ित बालिका अपने घर के पास खेल रही थी। इसी बीच पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग ने उसे बहला-फुसलाकर सुनसान स्थान की ओर ले जाने का प्रयास किया और उसके साथ अमर्यादित कृत्य करने की कोशिश की।हालांकि, बच्ची के अचानक लापता होने पर परिजनों को संदेह हुआ और उन्होंने तत्काल खोजबीन शुरू की। परिजनों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते बच्ची को आरोपी के साथ संदिग्ध अवस्था में पकड़ लिया गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।घटना की जानकारी मिलते ही धमतरी विधायक ओंकार साहू एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारणी चन्द्राकर पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
इस दौरान विधायक ओंकार साहू ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में हत्या, लूटपाट, दुष्कर्म एवं नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन अपराधों पर अंकुश लगाने में सरकार पूरी तरह विफल रही है, जिससे आमजन में भय का माहौल बना हुआ है।
विधायक ने धमतरी जिले के पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस की निष्क्रियता और लापरवाही के कारण ही अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि इस मामले में दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और जिले में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।विधायक ओंकार साहू ने स्पष्ट कहा कि यदि कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी आमजन के हित में सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने को बाध्य होगी।

Exit mobile version