Home Latest वजन त्यौहार का आयोजन 07 से 16 जुलाई तक

वजन त्यौहार का आयोजन 07 से 16 जुलाई तक

कलेक्टर  पी.एस.एल्मा ने दिए सभी तैयारियां कर लेने के निर्देश

धमतरी | आगामी 07 से 16 जुलाई तक आंगनबाड़ी केन्द्रों में वजन त्यौहार का आयोजन किया जाना है। कलेक्टर श्री पी.एस.एल्मा ने सभी परियोजना अधिकारी, एकीकृत बाल विकास परियोजना को इसकी तैयारियां कर लेने के निर्देश दी है। उन्होंने शून्य से पांच साल के बच्चों का अद्यतन सर्वे कर पंजीयन करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी बच्चा वजन लेने से वंचित ना रहे। कलेक्टर ने वजन त्यौहार का पर्याप्त प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। इसके लिए संचालनालय स्तर पर मिले बैनर/पोस्टर को ग्राम के प्रमुख स्थान पर चस्पा करने, हर गांव में कोटवार से मुनादी कराने और गांव के कम से कम 20 स्थानों पर नारा लेखन कराने कहा, जिसमें वजन त्यौहार आयोजन की तिथि भी दर्शाई जाए।
उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि सभी ग्राम पंचायतों में सरपंच, पंच, शहरी क्षेत्र में पार्षदों और स्व सहायता समूह के सदस्यों के साथ बैठक कर वजन त्यौहार की जानकारी दी जाए। यह बैठक सुपरवाइजर द्वारा स्वास्थ्य पर्यवेक्षक, ए.एन.एम. एवं मितानिन प्रशिक्षक के साथ किया जाए। साथ ही प्रत्येक गांव में कोटवार से मुनादी कराई जाए। वजन त्यौहार में आवश्यकता अनुसार किशोरी बालिकाओं का हिमोग्लोबिन टेस्ट भी कराया जाना तथा उनका बीएमआई निकाला जाना है। इसके लिए आंगनबाड़ी केन्द्र में आने वाली 11 से 18 साल तक की आयु वर्ग की सभी किशोरी बालिकाओं को इस अभियान में शामिल करने तथा स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के अनुमोदन से प्रत्येक आंगनबाड़ी केन्द्र के लिए आगामी तीन जुलाई तक ग्राम स्तरीय दल गठन करने के निर्देश भी दिए। साथ ही संकुल समन्वयकों को प्रत्येक सेक्टर के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए वजन सत्यापन का कार्य कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि नियुक्ति आदेश अनुविभागीय अधिकारी के अनुमोदन/हस्ताक्षर से जारी किया जाए।

Exit mobile version