Home Latest रामनवमी पर ग्राम छाती में भव्य महाआरती व शोभायात्रा, महापौर रामू रोहरा...

रामनवमी पर ग्राम छाती में भव्य महाआरती व शोभायात्रा, महापौर रामू रोहरा हुए शामिल

धमतरी | राम जन्मोत्सव रामनवमी के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत छाती में भव्य महाआरती एवं महारथी प्रचार शोभायात्रा का आयोजन अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस धार्मिक आयोजन में नगर निगम धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा मुख्य रूप से शामिल हुए। पूरे ग्राम में भक्ति का वातावरण देखने को मिला, जहां श्रद्धालु भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ शोभायात्रा में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम की शुरुआत महाआरती से हुई, जिसमें महापौर श्री रोहरा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सुसज्जित रथ, धार्मिक झांकियां एवं भजन-कीर्तन ने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर महापौर श्री रामू रोहरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, त्याग और आदर्शों का पालन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि रामनवमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि समाज को एकता और भाईचारे के सूत्र में बांधने का माध्यम है। उन्होंने युवाओं से श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में अनुशासन और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे ग्राम छाती में रामनवमी का पर्व यादगार बन गया।

Exit mobile version