धमतरी | पुलिस अधीक्षक बी.पी. राजभानु द्वारा सभी थाना व चौकी प्रभारियों को लूट, चोरी, नकबजनी जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों में प्रभावी अंकुश लगाने हेतु निर्देशित किए जाने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मनीषा ठाकुर रावटे के मार्गदर्शन में सूचना तंत्र मजबूत करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों एवं निगरानी बदमाशों की जांच, सतत पेट्रोलिंग व गस्त सुदृढ़ किये जाने से बेहतर परिणाम भी नजर आ रहा है| जिसके फलस्वरूप विगत दिनों संपत्ति संबंधी कई अपराधों में आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गई माल-मशरूका की बरामदगी करने में धमतरी पुलिस सफल रही है। 3-4 सितम्बर की दरमियानी रात्रि थाना कुरुद पेट्रोलिंग पार्टी में उपनिरीक्षक नरसिंह ध्रुव, आरक्षक सुमित थापा एवं सैनिक संतोष गस्त पेट्रोलिंग करते हुए सतत निगरानी के दौरान शहीद वीर नारायण चौक कुरूद स्थित मेडिकल स्टोर्स के पास से एक लड़का पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी को आते देखकर भागने लगा | पेट्रोलिंग पार्टी ने संदेह के आधार पर मेडिकल स्टोर में जाकर देखा तो उसका एक तरफ का शटर का ताला खुला हुआ था तब मेडिकल स्टोर संचालक तिलेन्द्र कुमार साहू पिता हीरा राम साहू निवासी गुजरा को फोन से सूचित कर तत्काल मौके पर बुलाया गया। उनके आने पर मेडिकल स्टोर खोलकर अंदर देखा तो एक व्यक्ति मेडिकल अंदर छुपा बैठा मिला जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया |
