दीपांशु साहू हत्याकांड में अर्जुनी पुलिस को सफलता, चाकू, डंडा और वारदात में पहने गए कपड़े जब्त
धमतरी। ग्राम मुजगहन में दीपांशु साहू की हत्या के मामले में धमतरी पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 23 अक्टूबर को हुई इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त स्टील का स्प्रिंगदार चाकू, बांस का डंडा और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में अर्जुनी पुलिस द्वारा मामले की विवेचना और आरोपियों की धरपकड़ की जा रही है। इससे पहले 22 अक्टूबर को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। अब तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने इस हत्याकांड में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पूर्व रंजिश में किया था चाकू और डंडे से हमला
पुलिस के अनुसार, ग्राम मुजगहन निवासी ऐकेश्वर साहू की रिपोर्ट के मुताबिक 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:20 से 10:30 बजे के बीच पूर्व रंजिश को लेकर रत्नाबांधा एवं पंचवटी कॉलोनी के कुछ युवकों ने सुदामा साहू के घर के सामने मुख्य मार्ग पर दीपांशु साहू और विकास साहू के साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने डंडे और धारदार चाकू से हमला कर दिया।
हमले में दीपांशु साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल विकास साहू का उपचार जारी है।
गिरफ्तार किए गए तीन नए आरोपी
23 अक्टूबर को गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शंकर नागरची (19 वर्ष), तामेश्वर नागरची उर्फ मोनू (19 वर्ष) और धनेश्वर नागरची (22 वर्ष) शामिल हैं। तीनों रत्नाबांधा क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से वारदात में प्रयुक्त स्टील का स्प्रिंगदार चाकू, बांस का डंडा और घटना में इस्तेमाल किए गए कपड़े जब्त किए हैं।
पहले चार आरोपी भी हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में अर्जुनी पुलिस ने 22 अक्टूबर को फनेश्वर नेताम (18 वर्ष), रितेश नेताम (22 वर्ष), लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20 वर्ष) और नोहर यादव उर्फ काला (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया था। ये सभी रत्नाबांधा क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों की निशानदेही पर भी घटना में प्रयुक्त चाकू, डंडे सहित अन्य सामान जब्त किए जा चुके हैं।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की विवेचना और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
धमतरी पुलिस ने गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
