Home Uncategorized मकेश्वर वार्ड में जोड़ा जैतखंभ पालो उत्सव सम्पन्न महापौर रामू रोहरा हुए...

मकेश्वर वार्ड में जोड़ा जैतखंभ पालो उत्सव सम्पन्न महापौर रामू रोहरा हुए शामिल

धमतरी | मकेश्वर वार्ड में आयोजित जोड़ा जैतखंभ पालो (ध्वज चढ़ाना) उत्सव श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर नगर निगम धमतरी के माननीय महापौर रामू रोहरा कार्यक्रम में शामिल हुए तथा परम पूज्य गुरु बाबा घासीदास जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। महापौर श्री रोहरा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु बाबा घासीदास जी ने सत्य, अहिंसा, समानता और मानवता का संदेश दिया है। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में समरसता और भाईचारे को बढ़ावा देना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि वे गुरु बाबा के संदेश को आत्मसात करते हुए जनसेवा के कार्यों में निरंतर जुटे हुए हैं और समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। कार्यक्रम में धार्मिक अनुष्ठान, जैतखंभ पर ध्वज चढ़ाने की परंपरा तथा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वातावरण पूरी तरह भक्ति और श्रद्धा से ओत-प्रोत रहा। इस अवसर पर महेंद्र पंडित, पार्षद आशा नंदू लोधी, दयाराम लहरे, अनुसूचित जाति मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रकाश लहरे, सुशीला, गेंदा बाई, मालती, प्रीति जांगड़े, सोनिया सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

Exit mobile version