Home Latest बिजली बिल, स्मार्ट मीटर और बंद स्ट्रीट लाइटों को लेकर युवा कांग्रेस...

बिजली बिल, स्मार्ट मीटर और बंद स्ट्रीट लाइटों को लेकर युवा कांग्रेस का विद्युत विभाग पर प्रदर्शन

घेराव कर कार्यपालन अभियंता को सौंपा 12 सूत्रीय ज्ञापन, 400 यूनिट तक 50% राहत सहित कई मांगें उठाईं

धमतरी। बढ़ते बिजली बिल, स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों और शहर में लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की समस्या को लेकर शुक्रवार को जिला युवा कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, धमतरी कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कार्यपालन अभियंता को 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए आम उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।

युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ते बिजली बिलों ने आम परिवारों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। उनका आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। साथ ही मीटर की कार्यप्रणाली, बिल गणना और रीडिंग प्रक्रिया को लेकर लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा शहर के कई वार्डों में लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों के कारण नागरिकों को रात के समय आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से युवा कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बढ़े बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कर उपभोक्ताओं को राहत देने, स्मार्ट मीटर लगाने से पहले उपभोक्ताओं को पूरी जानकारी एवं पारदर्शी प्रक्रिया उपलब्ध कराने तथा प्रीपेड प्रणाली लागू करने से पूर्व उपभोक्ताओं की सहमति और स्पष्ट जानकारी सुनिश्चित करने की मांग की।

इसके साथ ही 400 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली बिल में 50 प्रतिशत राहत देने, बिजली दरों में बढ़ोतरी पर रोक लगाकर सस्ती एवं राहत वाली बिजली उपलब्ध कराने, शहर के जिन वार्डों में स्ट्रीट लाइट लंबे समय से बंद हैं उन्हें तत्काल चालू कराने, खराब ट्रांसफार्मर, जर्जर बिजली लाइनों और लो-वोल्टेज की समस्या का समयबद्ध निराकरण करने की भी मांग रखी गई।

युवा कांग्रेस ने गलत अथवा अत्यधिक राशि के बिजली बिलों की जांच कर आवश्यकतानुसार संशोधन करने, बिजली विभाग की शिकायतों के त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने, प्रत्येक गांव और शहर के वार्डों में बिजली समस्याओं के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाने तथा स्मार्ट मीटर की तकनीकी जानकारी, बिल गणना एवं रीडिंग प्रक्रिया को सार्वजनिक और पारदर्शी बनाने की मांग भी की। ज्ञापन में उपभोक्ताओं पर अनावश्यक आर्थिक भार डालने वाली प्रक्रियाओं पर रोक लगाकर जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही गई।

जिला युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष प्रवीण साहू ने कहा कि बिजली आम नागरिकों की मूलभूत आवश्यकता है। बिजली व्यवस्था में पारदर्शिता, उचित बिल और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आम जनता को राहत मिलने तक युवा कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लगातार मजबूती से उठाती रहेगी।

प्रदर्शन के दौरान जिला युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सोनवानी, प्रवीण साहू, प्रशांत बोकाडे, लेखराम साहू, आनंद पवार, लेखराज सिन्हा, द्वारका खापर्डे, गौतम वाधवानी, शास्त्री सोनवानी, अरविंद दोशी, विकास साहू, राहुल शर्मा, आयुष हिरवानी, जय श्रीवास्तव, इंद्रेश साहू, गीताराम सिन्हा, संजू साहू, सूरज पासवान, विशु देवांगन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

Exit mobile version