डॉ. हीरा महावर ने नशे के दुष्परिणाम बताए, धमतरी पुलिस ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति किया जागरूक
धमतरी। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत विद्यार्थियों और आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना कुरूद पुलिस ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, कुरूद में नशामुक्ति एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित करना था।
डॉ. हीरा महावर ने बताए नशे के दुष्परिणाम
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. हीरा महावर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, पारिवारिक जीवन और सामाजिक प्रतिष्ठा पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। नशे से दूर रहकर ही व्यक्ति अपने लक्ष्य प्राप्त कर सकता है और बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छी आदतें अपनाने, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने तथा जीवन में अनुशासन और सकारात्मक सोच को महत्व देने की समझाइश दी। साथ ही स्वयं नशामुक्त रहने और परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
साइबर ठगी से बचने के बताए उपाय
कार्यक्रम के दौरान साइबर जागृति अभियान के तहत विद्यार्थियों को ऑनलाइन अपराधों और साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों से अवगत कराया गया। उन्हें ऑनलाइन लेनदेन करते समय सतर्क रहने, अनजान व्यक्तियों के भेजे संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा किसी के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी और यूपीआई पिन साझा नहीं करने की सलाह दी गई। सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने पर भी जोर दिया गया।
विद्यार्थियों को बताया गया कि साइबर अपराधी लोगों को झांसे में लेकर उनकी व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं। इसलिए अनजान कॉल, फर्जी संदेश, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन लालच से सावधान रहना जरूरी है। किसी भी प्रकार की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने और शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
सुरक्षित और नशामुक्त समाज बनाने पर जोर
धमतरी पुलिस सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से युवाओं को सामाजिक बुराइयों से दूर रखने और तकनीक के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस ने विद्यार्थियों से अपने भविष्य के प्रति सजग रहने, नशे से दूर रहने, साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी संबंधित पुलिस थाने को देने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. हीरा महावर, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, थाना प्रभारी कुरूद निरीक्षक कमलेश ठाकुर, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
