Home Latest नगर निगम ने 10 और प्राइम लोकेशन की दुकानों के आबंटन हेतु...

नगर निगम ने 10 और प्राइम लोकेशन की दुकानों के आबंटन हेतु निकाली ऑनलाइन निविदा, धमतरी के सबसे खास लोकेशन में दुकान लेने का सुनहरा अवसर

धमतरी | नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा शहर में व्यवस्थित व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मकेश्वर वार्ड स्थित सिहावा रोड पर, पुराने गर्ल्स कॉलेज के पास तथा निर्माणाधीन ऑडिटोरियम से लगे हुए स्थल में निर्मित कुल 10 दुकानों का किराए पर आबंटन किया जाना है। इसके लिए निगम प्रशासन द्वारा ऑनलाइन निविदा आमंत्रित की गई है। दुकान बनकर तैयार हो चुकी है कुछ दुकान की बोली भी हो चुके है अब बाकी बचे 10 दुकानों को भी निविदा के माध्यम से दिया जाएगा। नगर निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार इच्छुक आवेदक 10 अप्रैल 2026 तक स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदन पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज जमा कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। निविदा प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं नियमानुसार संपन्न की जाएगी, जिससे पात्र आवेदकों को निष्पक्ष रूप से लाभ मिल सके। निगम प्रशासन ने यह भी बताया कि इच्छुक व्यक्ति ऑनलाइन माध्यम से निविदा प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। निविदा से संबंधित नियम एवं शर्तों की विस्तृत जानकारी नगर निगम के राजस्व विभाग से प्राप्त की जा सकती है। साथ ही निगम कार्यालय में आवेदकों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इन दुकानों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। नगर निगम का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को व्यवसाय के लिए बेहतर, सुव्यवस्थित एवं सुगम स्थान उपलब्ध कराना है। इन दुकानों के आबंटन से न केवल स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे तथा निगम के राजस्व में भी वृद्धि होगी। निगम ने बताया कि बहुत कम ही मौका आता है जब दुकानों के विक्रय के लिए निविदा निकाली जाती है। लेकिन पहले जनपद पंचायत के समीप और अब सिहावा चौक के पास की दुकानों के लिए निविदा जारी कर दी गई है।

Exit mobile version