Home CRIME धमतरी में आधी रात हथियारों के साथ उत्पात, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; 6...

धमतरी में आधी रात हथियारों के साथ उत्पात, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; 6 नाबालिग निरुद्ध

चाकू, बांस के डंडे और घटना में पहने कपड़े जब्त, एक बालिग गिरफ्तार; 6 विधि से संघर्षरत बालकों पर कार्रवाई

धमतरी। शहर के मराठापारा और बांसपारा क्षेत्र में आधी रात हथियारों के साथ उत्पात मचाने और मोहल्लेवासियों को डराने-धमकाने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में संलिप्त 6 विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू, बांस के डंडे और आरोपियों के कपड़े जब्त किए हैं। प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच 15 से 20 युवक चेहरे पर गमछा बांधकर मराठापारा और बांसपारा वार्ड में एकत्र हुए थे। आरोप है कि युवकों के हाथों में लाठी, डंडे, लोहे की रॉड, तलवार और चाकू जैसे हथियार थे। उन्होंने मोहल्लेवासियों के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। साथ ही घरों के दरवाजों और दुकानों के शटर पर लाठी-डंडों से वार कर क्षेत्र में भय का माहौल पैदा किया।

वार्ड निवासी प्रार्थी की लिखित शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 271/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन और सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में पुलिस ने संदेहियों की पतासाजी कर पूछताछ की।

विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी की पहचान नोमेश पटेल उर्फ आर्यन (19 वर्ष), निवासी विंध्यवासिनी वार्ड, कारगिल चौक, धमतरी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

हथियार और कपड़े जब्त

पुलिस ने विवेचना के दौरान आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर गवाहों की उपस्थिति में घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू, बांस के डंडे और वारदात के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। प्रकरण में तथ्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

मामले में संलिप्त 6 विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में सामाजिक पृष्ठभूमि प्रतिवेदन तैयार कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए पुलिस के प्रयास जारी हैं।

पुलिस ने नागरिकों से की अपील

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि गुंडागर्दी, हथियारों का प्रदर्शन, मारपीट, धमकी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। कानून व्यवस्था भंग करने और आम नागरिकों में भय उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अपराध का विवरण: थाना सिटी कोतवाली धमतरी, अपराध क्रमांक 271/2026। भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 191(3), 189(4) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज है। प्रकरण में एक बालिग आरोपी गिरफ्तार और 6 विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

धमतरी पुलिस ने दोहराया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा और शहर में शांति बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है।

Exit mobile version