Home Latest धमतरी निगम को मिले दो नए ट्रैक्टर, सफाई और जल व्यवस्था को...

धमतरी निगम को मिले दो नए ट्रैक्टर, सफाई और जल व्यवस्था को मिलेगी रफ्तार

धमतरी। शहर की सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में नगर पालिक निगम धमतरी को 19.92 लाख रुपए की लागत से दो नए ट्रैक्टर मिले हैं। महापौर जगदीश “रामू” रोहरा ने स्वयं ट्रैक्टर चलाकर उन्हें निगम परिसर पहुंचाया और संबंधित कर्मचारियों को चाबी सौंपकर विधिवत उपयोग की शुरुआत की।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम की व्यवस्थाओं को आधुनिक और मजबूत बनाना प्राथमिकता है। नए ट्रैक्टर मिलने से सफाई कार्य, कचरा उठाव और परिवहन के साथ जरूरत के अनुसार जल व्यवस्था से जुड़े कार्यों में भी तेजी आएगी। इससे निगम के मैदानी अमले को बेहतर संसाधन मिलेंगे और नागरिकों को सुविधाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित धमतरी के संकल्प को जमीन पर उतारने के लिए निगम लगातार अपने संसाधनों को मजबूत कर रहा है। शहर की जरूरत के अनुसार उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए सफाई और मूलभूत सुविधाओं में कमी नहीं आने दी जाएगी।
महापौर ने नगर निगम को दो नए ट्रैक्टर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन के सहयोग से धमतरी में विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को लगातार गति मिल रही है।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य विजय मोटवानी, नरेंद्र रोहरा, अखिलेश सोनकर, श्यामलाल नेताम, पिंटू यादव, पार्षद अज्जू देशलहरे, कुलेश सोनी, संतोष सोनकर, हेमंत बंजारे, नम्रता माला पवार, ईश्वर सोनकर, एल्डरमैन प्राची सोनी, नीलू डागा, सरिता असाई और नंदू लोधी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं निगम कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version