Home Latest धमतरी नगर निगम की पहल: डॉग बाइट की समस्या के समाधान हेतु...

धमतरी नगर निगम की पहल: डॉग बाइट की समस्या के समाधान हेतु पशु जनसंख्या नियंत्रण अभियान तेज

धमतरी | सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार शहरी क्षेत्रों में आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या एवं उनसे जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा ठोस पहल की जा रही है। इसी क्रम में दानीटोला वार्ड स्थित टैचिंग ग्राउंड में स्नेह डॉग वेलफेयर एजेंसी के माध्यम से कुत्तों का बधियाकरण (नसबंदी) कार्य निरंतर संचालित किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में डॉग बाइट की घटनाओं पर नियंत्रण पाना तथा आवारा कुत्तों की संख्या को संतुलित करना है। इस प्रक्रिया में पशुओं के साथ मानवीय व्यवहार को प्राथमिकता देते हुए घटनाओं पर नियंत्रण पाना है जिससे उनकी आक्रामकता में कमी आए और जनसुरक्षा सुनिश्चित हो सके। प्र.स्वास्थ्य अधिकारी कमलेश ठाकुर ने बताया कि यह अभियान सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित किया जा रहा है और इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आने लगे हैं। शहरवासियों से अपील की गई है कि वे इस पहल में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर निदान 1100 को सूचित करें। यह पहल न केवल शहर में सुरक्षा बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि पशु संरक्षण और मानवीय दृष्टिकोण को भी मजबूती प्रदान करती है।

Exit mobile version