Home Latest धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी

धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26, धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अब तक 13,765 क्विंटल धान की खरीदी

धमतरी | खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत धमतरी जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ हो गया है। जिला खाद्य अधिकारी श्री बी. के. कोर्राम ने बताया कि जिले के 100 निर्धारित उपार्जन केन्द्रों में से अब तक 32 केन्द्रों में कुल 13,765 क्विंटल 60 किलोग्राम धान की खरीदी की जा चुकी है। यह धान 344 पंजीकृत किसानों से लिया गया है। किसानों की सुविधा के लिए टोकन प्रणाली के माध्यम से खरीदी की पारदर्शिता और गति को सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में 18 नवंबर के लिए कुल 1,323 किसानों का टोकन काटा गया है, जिसके तहत लगभग 63 हजार क्विंटल धान की खरीदी प्रस्तावित है। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने जिले में खरीदी कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उनके मार्गदर्शन में तौल-प्रक्रिया, गुणवत्ता परीक्षण, बारदाना उपलब्धता, परिवहन व्यवस्था तथा ऑनलाइन किसान पंजीयन से संबंधित सभी तैयारियों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसान हित शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और खरीदी कार्य में किसी प्रकार की कठिनाई न आए, इसके लिए सभी उपार्जन केन्द्रों में पर्याप्त संसाधन एवं कार्मिक तैनात किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा किसानों को समय पर टोकन उपलब्ध कराने, खरीदी केन्द्रों में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शी भुगतान प्रणाली को भी प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने निर्धारित तिथि व समय पर ही उपार्जन केन्द्रों में पहुंचे, जिससे खरीदी सुचारू ढंग से संचालित हो सके। धमतरी जिले में धान खरीदी का यह व्यवस्थित और सकारात्मक प्रारंभ शासन की किसान कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है तथा आने वाले दिनों में खरीदी कार्य और तेज गति से आगे बढ़ने की उम्मीद है।

Exit mobile version