Home Latest धमतरी को मिली बड़ी सौगात: 6 करोड़ से बनेंगे दो नए सब...

धमतरी को मिली बड़ी सौगात: 6 करोड़ से बनेंगे दो नए सब स्टेशन, लो वोल्टेज और कटौती से मिलेगी राहत

धमतरी। शहरवासियों को विद्युत कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से जल्द राहत मिलने जा रही है। दानीटोला और पोस्ट ऑफिस वार्ड में 32 केवीए के दो नए सब स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जिसके लिए 6 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इसे धमतरी के विद्युत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। शहर में लंबे समय से लो वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती की समस्या बनी हुई थी, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए महापौर रामू रोहरा ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित किया था। महापौर के प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए शासन ने दो सब स्टेशन की मंजूरी प्रदान की है। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि इन सब स्टेशनों के स्थापित होने से शहर में विद्युत आपूर्ति अधिक सुचारू होगी, लो वोल्टेज की समस्या दूर होगी और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि यह केवल आधारभूत सुविधा का विस्तार नहीं, बल्कि धमतरी के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। महापौर ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन सरकार जनता की मूलभूत जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए लगातार विकास कार्यों को गति दे रही है। धमतरी शहर को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने के लिए ऐसे कार्य आगे भी जारी रहेंगे। यह स्वीकृति जनता को समर्पित है और इससे हजारों उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।

Exit mobile version