Home Latest डॉग्स नसबंदी में पारदर्शिता और निगरानी की मांग को लेकर डॉग लवर्स...

डॉग्स नसबंदी में पारदर्शिता और निगरानी की मांग को लेकर डॉग लवर्स ने महापौर से की मुलाकात

धमतरी । शहर में प्रस्तावित लगभग ढाई हजार डॉग्स की नसबंदी अभियान को लेकर जीव सहारा सेवा समिति के डॉग लवर्स प्रतिनिधिमंडल ने महापौर रामू रोहरा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने नसबंदी कार्य में पारदर्शिता, बेहतर देखरेख तथा डॉग लवर्स की निगरानी में अभियान संचालित कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पूर्व में निगम द्वारा कराए गए नसबंदी कार्य के दौरान कई खामियां सामने आई थीं। कई डॉग्स को जिस स्थान से उठाया गया, नसबंदी के बाद वापस उसी स्थान पर नहीं छोड़ा गया, जिससे दूसरे क्षेत्रों में छोड़े गए डॉग्स को स्थानीय डॉग्स के आक्रामक व्यवहार का सामना करना पड़ा। साथ ही भोजन, पानी, दवाइयों एवं देखरेख की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए गए। डॉग लवर्स ने महापौर से कहा कि इस बार ज्यादा से ज्यादा फीमेल डॉग्स की नसबंदी कराई जाए और नर-मादा का कम से कम 50-50 अनुपात रखा जाए। फीमेल डॉग्स के लिए नसबंदी के बाद ई-कॉलर लगाने की व्यवस्था करने की मांग भी रखी गई, ताकि टांके खुलने जैसी समस्या न हो। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि नसबंदी अभियान के दौरान डॉग लवर्स को निगरानी की अनुमति दी जाए, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि डॉग्स को समुचित भोजन, पानी और दवाइयां मिल रही हैं तथा उन्हें नसबंदी के बाद उसी स्थान पर छोड़ा जा रहा है, जहां से उन्हें लाया गया था। डॉग लवर्स ने कहा कि यह शहर के बेजुबान जीवों के संरक्षण और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा विषय है, इसलिए नगर निगम को पशु हित को प्राथमिकता देते हुए अभियान संचालित करना चाहिए। इस दौरान डॉग लवर्स के 10 सदस्यों—बजरंग अग्रवाल, वीणा कौशिक, पुष्पेंद्र बाजपेई, डेमत देवांगन, कन्हैया पंसारी, पियूष पारेख, आयुषी मित्रा, अंकिता चौधरी, खुशबू कामडे और भारतेषु मिश्रा—को नसबंदी स्थल पर देखरेख हेतु अनुमति देने की मांग की गई।

Exit mobile version