Home Latest छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष 2025 के तहत बैठक सम्पन्न

छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष 2025 के तहत बैठक सम्पन्न

धमतरी | निगम कार्यालय में आयुक्त प्रिया गोयल के कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में शहर की गणेश समितियों, दुर्गा समितियों, कांवरिया संघ, व्यापारिक संगठनों एवं शॉपिंग मॉल के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य रजत जयंती वर्ष के आयोजन में शहर के विभिन्न सामाजिक,धार्मिक एवं व्यावसायिक संगठनों को सक्रिय रूप से जोड़ना रहा। आयुक्त प्रिया गोयल ने बताया कि रजत जयंती वर्ष केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि यह प्रदेश की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। इस आयोजन के जरिये राज्य की गौरवशाली यात्रा को स्मरण करते हुए भावी छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में सार्थक कदम उठाए जाएंगे। उपस्थित पदाधिकारियों को बताया गया कि छत्तीसगढ़ राज्य ने पिछले 25 वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण एवं स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। इन उपलब्धियों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना और नागरिकों को इस यात्रा का सहभागी बनाना ही रजत जयंती वर्ष का मुख्य उद्देश्य है। आयुक्त एवं उपायुक्त ने सभी संगठनों से अपील की कि वे इस आयोजन में अधिक से अधिक सहयोग करें और अपने स्तर पर कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को जोड़ें। विशेष रूप से वर्ष 2050 के भावी छत्तीसगढ़ “सीजी@50” के निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित प्रदेश का निर्माण किया जा सके। नगर निगम ने विश्वास जताया कि नागरिकों एवं विभिन्न संगठनों की सक्रिय भागीदारी से रजत जयंती वर्ष का आयोजन भव्य, प्रेरणादायी एवं ऐतिहासिक बनेगा।

Exit mobile version