Home Latest छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विरासत हमारी पहचान एवं गौरव है : रंजना...

छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विरासत हमारी पहचान एवं गौरव है : रंजना साहू

गरियाबंद जिले का अभनपुर में भाजपा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित, कार्यकर्ताओं को रंजना साहू ने सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण का दिया संदेश

धमतरी | भारतीय जनता पार्टी जिला गरियाबंद द्वारा अग्रवाल मंगल भवन अभनपुर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक रंजना डीपेंद्र साहू ने “छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत एवं धरोहर” विषय पर विस्तारपूर्वक संबोधन दिये। कार्यक्रम में जिले के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रशिक्षण सभागार को सम्बोधित करते हुए श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ वीरों की भूमि, समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं का प्रदेश है, यहाँ की माटी में इतिहास बोलता है, लोककला मुस्कुराती है और जनजातीय संस्कृति अपनी अलग पहचान बनाती है, छत्तीसगढ़ केवल प्राकृतिक संसाधनों से ही नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक विविधता, लोक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से भी पूरे देश में विशेष स्थान रखता है। श्रीमती साहू ने आगे कहा कि धान का कटोरा कहलाने वाला हमारे छत्तीसगढ़ प्रदेश के लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक उत्सव, हमारे आराध्य देवी-देवताओं के प्रति हमारी आस्था और ऐतिहासिक धरोहरों के लिए प्रसिद्ध है, पंथी, राउत नाचा, करमा, सुवा एवं ददरिया जैसे लोकनृत्य और लोकगीत प्रदेश की सांस्कृतिक आत्मा को जीवंत बनाए हुए हैं, साथ ही बस्तर की जनजातीय संस्कृति, हस्तशिल्प एवं पारंपरिक जीवन शैली देश-दुनिया को आकर्षित करती है। रंजना साहू ने कहा कि हमारी भारतीय संस्कृति सदैव “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना को आगे बढ़ाती है और छत्तीसगढ़ की संस्कृति भी इसी विचार को आत्मसात करती है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपनी सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को संरक्षित रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी तक पहुँचाने का कार्य करें। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव राष्ट्रहित, संस्कृति संरक्षण और समाज सेवा के मूल उद्देश्यों को लेकर कार्य करती है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य भी कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा के साथ-साथ समाज और संस्कृति के प्रति जिम्मेदारियों से जोड़ना है।कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत एवं संगठनात्मक विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस अवसर पर भाजपा जिला गरियाबंद के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version