धमतरी। धमतरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बलियारा निवासी कुमारी मोनिका साहू, पिता श्री भीषम प्रसाद साहू का चयन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कोरबा में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लिए हुआ है। मोनिका की इस उपलब्धि से उनके परिवार, ग्राम बलियारा सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। कुमारी मोनिका साहू ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन के बल पर चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में प्रवेश प्राप्त कर अपने परिवार एवं गांव का नाम रोशन किया है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर मेडिकल कॉलेज में प्रवेश प्राप्त करना उनकी मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।
धमतरी विधायक श्री ओंकार साहू ने कुमारी मोनिका साहू की इस सफलता पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विधायक श्री साहू ने कहा कि “ग्राम बलियारा की बेटी मोनिका साहू का एमबीबीएस में चयन पूरे धमतरी विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। मैं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं और विश्वास करता हूं कि वे एक संवेदनशील एवं सेवाभावी चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगी।”
विधायक ने कहा कि बेटियां आज शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को भी अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
मोनिका साहू की इस उपलब्धि पर उनके परिजनों, सरपंच चुम्मन बाई कंवर , उपसरपंच देवनारायण साहू , पन्ना लाल साहू अध्यक्ष ग्राम विकास समिति , थानसिंह कंवर चन्द्रप्रकाश मार्कण्डेय, ग्रामवासियों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
