
गौठानों का निरीक्षण कर पोर्टल में एंट्री सुनिश्चित करेंगे 30 जून को
धमतरी | प्रदेश सरकार की महती गोधन न्याय योजना के तहत राज्य के सभी गौठानों में आगामी 30 जून को एक ही दिन नोडल अधिकारियों द्वारा शासन के निर्देशानुसार गौठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसके मद्देनजर कलेक्टर पी.एस.एल्मा ने जिले में निर्मित 293 गौठानों का निरीक्षण के निर्देश सभी 79 क्लस्टर नोडल को दिए हैं। उन्होंने गौठानों में नियमित रूप से गोबर खरीदी पर बल देते हुए प्रतिवेदित दिनांक को गोबर खरीदी, विक्रेता की संख्या, गोबर खरीदने की मात्रा तथा गौठान में निर्मित टांकों में भरे हुए तथा खाली वर्मी टांकों, केंचुआ की उपलब्धता, गुणवत्ता की मॉनिटरिंग कर जानकारी देने कहा है। साथ ही गौठानों में संचालित अन्य बहुद्देशीय कार्यों, इसमें संलग्न स्व सहायता समूहों, उनके सदस्य तथा प्रतिवेदित दिनांक को गौठान में उपस्थित पशुओं की संख्या आदि को दर्शाते हुए तय प्रारूप में गौठान नोडल की आईडी के जरिए पोर्टल में उसी दिन एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसी तरह क्लस्टर नोडल को गौठानों की ग्रेडिंग की जिम्मेदारी भी तय प्रारूप अनुसार करके इसकी रिपोर्ट जिला मुख्यालय में उप संचालक कृषि तथा संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को प्रदाय करने कलेक्टर ने निर्देशित किया है, जिससे कि गौठानों की सही तरीके से मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।
इस मौके पर उप संचालक कृषि मोनेश साहू द्वारा बताया गया कि जिले में अब तक साढ़े तीन लाख क्विंटल से अधिक गोबर 9944 पशुपालकों से खरीदा गया है। इसमें से 66 हजार 963 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट तैयार कर 51 हजार 67 क्विंटल वर्मी खाद विक्रय किया गया है। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत और कृषि अमले को नियमित रूप से गौठानों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं।कलेक्टोरेट सभा कक्ष में सुबह 9.30 बजे से आहूत इस बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती प्रियंका महोबिया सहित कृषि और संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।