Home Latest गंगरेल के 14 गेट खुले, महानदी में छोड़ा जा रहा 2.50 लाख...

गंगरेल के 14 गेट खुले, महानदी में छोड़ा जा रहा 2.50 लाख क्यूसेक से अधिक पानी

जलाशयों में बढ़ा जलस्तर, तटीय गांवों में अलर्ट; सभी एसडीएम को सतर्क रहने के निर्देश
धमतरी। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते प्रमुख जलाशयों में जलस्तर तेजी से बढ़ा है। शुक्रवार सुबह 8 बजे की स्थिति में गंगरेल जलाशय 98.14 प्रतिशत, मुरुमसिल्ली 100 प्रतिशत, दुधावा 97.21 प्रतिशत और सोदूर 88.18 प्रतिशत भर चुका था। जलाशयों में लगातार बढ़ रही आवक को देखते हुए बड़ी मात्रा में पानी नदियों में छोड़ा जा रहा है।
गंगरेल जलाशय में 64,117 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। जलाशय के 14 गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है। रुद्री बैराज के माध्यम से 6,000 क्यूसेक पानी नहर में तथा 48,950 क्यूसेक पानी महानदी में छोड़ा जा रहा है।
मुरुमसिल्ली जलाशय में 7,465 क्यूसेक पानी की आवक के बीच 7,286 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। दुधावा में 18,724 क्यूसेक आवक के मुकाबले 16,606 क्यूसेक तथा सोदूर जलाशय में 16,624 क्यूसेक आवक के बीच 16,402 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। जलाशयों से पानी छोड़े जाने के कारण महानदी सहित अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है।
जल प्रवाह की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने महानदी और अन्य नदी तटीय क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया है। सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों और आम नागरिकों से नदी-नालों के किनारे नहीं जाने तथा जलस्तर बढ़ने की स्थिति में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
Exit mobile version