
कांकेर में महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन तेज, समीक्षा बैठक में बनी आगामी रणनीति
लेखराम साहू ने कार्यकर्ताओं को दी नई ऊर्जा, गांव-गांव और वार्डों में जनजागरण अभियान चलाने का आह्वान
कांकेर। जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के अध्यक्ष श्री बसंत यादव की अध्यक्षता में राजीव भवन कांकेर में स्मार्ट मीटर एवं महंगे बिजली बिल के विरोध में चलाए जा रहे जन आंदोलन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंदोलन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा के साथ आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के मुख्य अतिथि कांकेर जिला प्रभारी, पूर्व विधायक कुरूद एवं राष्ट्रीय समन्वयक पिछड़ा वर्ग कांग्रेस, नई दिल्ली श्री लेखराम साहू रहे। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्मार्ट मीटर एवं महंगे बिजली बिल के विरोध में चलाए जा रहे जन आंदोलन को और प्रभावी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करते हुए कहा कि आम जनता से जुड़े इस मुद्दे को लेकर व्यापक स्तर पर जनजागरण किया जाना आवश्यक है।
बैठक में तय किया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और वार्डों में पहुंचकर स्मार्ट मीटर के विरोध में आम जनता को जागरूक करेंगे। साथ ही स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर को पुनः लगाए जाने की मांग को लेकर प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार से अपील की जाएगी, ताकि आम जनता को महंगे बिजली बिल के कारण आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में स्मार्ट मीटर एवं महंगी बिजली के मुद्दे को लेकर आगामी दिनों में आंदोलन को और व्यापक बनाने तथा आम लोगों को इससे जोड़ने पर भी चर्चा की गई। कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क कर लोगों की समस्याओं को सामने लाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी, कांग्रेस कमेटी कांकेर के महामंत्री श्री उदय शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष श्रीमती सुभद्रा सलाम, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मंडावी मैडम, श्री जनक लाल कश्यप सहित प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, जिला कांग्रेस कमेटी के सम्मानित सदस्य, समस्त ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष, कार्यकारिणी अध्यक्ष एवं शहर अध्यक्ष, ग्रामीण अध्यक्ष तथा कांग्रेस के समस्त प्रकोष्ठों एवं विभागों के अध्यक्षगण उपस्थित रहे।
Also Read
धमतरी की बेटियों के लिए उच्च शिक्षा का सुनहरा अवसर, अज़ीम प्रेमजी छात्रवृत्ति से मिलेगा आर्थिक संबल