जवानों से चर्चा कर तनाव रहित जीवन शैली, शारीरिक स्वस्थता एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखने दी हिदायत
नगरी | पुलिस जवानों की समस्या को जानने और उन्हें कर्तव्य के साथ-साथ पारिवारिक दायित्व निर्वहन करने के दौरान मानसिक तनाव से मुक्त रहकर उत्कृष्ठ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करने पुलिस महानिदेशक डी.एम. अवस्थी द्वारा स्पंदन अभियान की शुरुआत की गई है। स्पंदन अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक बी.पी. राजभानू इकाई में पदस्थ जवानों से रू-बरू होकर उनकी समस्याओं को सुन भी रहे है | इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगरी के अतिसंवेदनशील थाना मेंचका का भ्रमण कर वहां पदस्थ जिला पुलिस बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल एवं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों का मनोबल बढ़ाने हेतु उनके साथ समय व्यतीत किए तथा जवानों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुना और उसके यथोचित निराकरण के लिए संबंधितों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा कि समय-समय पर अधीनस्थ जवानों की समस्याओं का निराकरण करें व कोई समस्या उनके स्तर पर निराकरण योग्य न हो, तो समय पर अवगत कराकर निराकरण कराए।
