Home Latest उद्योग सखी आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न

उद्योग सखी आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न

ग्रामीण महिलाओं को कृषि-आधारित उद्यमिता से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

धमतरी | कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में 2 से 5 दिसंबर 2025 तक शहीद वीर नारायण सिंह सामुदायिक भवन, नगर पालिका निगम धमतरी में “उद्योग सखी” चार दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिला किसानों एवं बिहान समूहों को कृषि आधारित उद्यमिता, प्रसंस्करण और विपणन से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में बिहान समूह से जुड़े 40 ग्रामों की उद्योग सखियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और उद्यमिता विकास के विभिन्न आयामों पर तकनीकी व व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान राज्य प्रशिक्षक सुश्री दीप्ति रंजन ने उच्च गुणवत्ता वाले कृषि पौधों के उत्पादन, प्रसंस्करण तकनीक, पौध संरक्षण एवं मूल्य संवर्धन के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।
कृषि आधारित उत्पादों के विपणन और ब्रांडिंग पर आयोजित विशेष सत्र में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (अजीविका) श्री अनुराग मिश्रा ने फैसिलिटेटर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बाजार मांग विश्लेषण, आकर्षक पैकेजिंग-ब्रांडिंग, गुणवत्ता मानक और बाजार तक पहुँच बढ़ाने के व्यावहारिक उपायों पर विस्तृत जानकारी दी, जो प्रतिभागियों के लिए अत्यंत लाभदायक साबित हुई। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं को “लखपति दीदी” लक्ष्य की ओर अग्रसर करने का एक सशक्त माध्यम है। कलेक्टर श्री मिश्रा के नेतृत्व में यह प्रयास न केवल महिलाओं को उद्यमिता कौशल प्रदान करता है, बल्कि समूह आधारित आर्थिक गतिविधियों के माध्यम से उन्हें स्थायी आजीविका और बेहतर आय के अवसर भी उपलब्ध कराता है।

Exit mobile version