
धमतरी | बैंक रहित ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बैकिंग सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद से बीसी सखी का चयन किया जाता है, जिससे नकद जमा, आहरण तथा अन्य बैंकिंग सेवा ग्रामीणों को बिना बैंक आए उनके ही गांव में प्राप्त हो सके। निदेशक, बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (आरसेटी) ने बताया कि ’मिशन वन जीपी वन बीसी सखी’ का प्रशिक्षण आरसेटी परिसर में आयोजित किया गया। सात दिवसीय इस प्रशिक्षण के दौरान बैंक सखी को सामान्य बैंकिंग, वित्तीय समावेशन, बीसीए की भूमिका, तकनीकी और व्यवहारिक कौशल तथा व्यवहारगत पहलू के बारे में बताया गया। साथ ही बैंक योजना से संबंधित सम्पूर्ण जानकारी भी प्रशिक्षण में बैंक सखी को दी गई। प्रशिक्षण में कुल 23 हितग्राही शामिल हुए। इनमें नगरी जनपद से 8, धमतरी से 6, मगरलोड से 5 और कुरूद जनपद से 4 हितग्राही शामिल हैं।