धमतरी| छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन जिला धमतरी की जिला इकाई ने मृत शिक्षक एलबी संवर्ग के आश्रित परिजनों को 15 अक्टूबर तक अनुकंपा नियुक्ति आदेश जारी नहीं होने पर 16 अक्टूबर को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय धमतरी का घेराव करने की चेतावनी दी है| इस सम्बन्ध में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को सूचना दी गई है |
जिलाध्यक्ष डॉक्टर भूषण लाल चंद्राकर ने बताया कि मृत शिक्षक एलबी संवर्ग के आश्रित परिजनों का अनुकंपा नियुक्ति आवेदन लंबे अरसे से लंबित है। संघ ने इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी डाॅ रजनी नेल्सन से 19 अगस्त को मुलाकात कर मृत शिक्षकों के परिजनों को शीघ्र अनुकंपा नियुक्ति का प्रदान करने का आग्रह किया था। तत्पश्चात संगठन के प्रतिनिधि मंडल ने 31 अगस्त को पुनः डेलीगेशन एवं ज्ञापन देकर शीघ्र अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने की मांग की। जिस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने एक सप्ताह के भीतर नियुक्ति आदेश जारी करने की बात कही थी | सितम्बर 2020 में कुछ प्रकरण पर नियुक्ति की गयी जिस कारण से शेष बचे परिजनों द्वारा संगठन के सामने आक्रोश व्यक्त किया गया। जिला संगठन ने इस पर संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी डाॅ रजनी नेल्सन से 18 सितम्बर को पुनः मुलाकात कर शेष पात्रताधारी परिजनों का 25 सितम्बर तक अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने एवं उनके समस्त सत्वो का भुगतान करने हेतु समस्त वेतन आहरण एवं संवितर अधिकारी को निर्देशित करने का आग्रह किया था, जिसे स्वीकार करते जिला शिक्षा अधिकारी ने शीघ्र अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने की बात कही। लेकिन आज पर्यंत पात्रताधारी परिजनों का अनुकंपा नियुक्ति आदेश जारी नहीं किया गया है, जिसके कारण एलबी संवर्ग के मृत शिक्षको के परिवारजनों को मानसिक एवं आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है | संगठन ने अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि 15 अक्टूबर तक अनुकंपा नियुक्ति आदेश जारी नहीं करने पर 16 अक्टूबर को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव किया जायेगा | जिसकी संपूर्ण जवाबदारी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की होगी।
