रसीद बुक फाड़ने के मामले में अब व्यापारी संघ भी सामने आया

779

टकेश्वरपुरी गोस्वामी

भखारा | गुरुवार को नगर पंचायत कार्यालय भखारा में भ्रष्टाचार को छुपाने प्लेसमेंट  कर्मचारी द्वारा जो कृत्य किया गया है |अब वह तीव्र गति से आक्रोश में बदल रहा है | इस मामले में अब व्यापारी संगठन भी सामने आ गए हैं | सभी व्यापारी एक स्वर में भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मचारी पर एफआईआर दर्ज कराने एवं उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग कर रहे हैं| इस मामले में व्यापारियों का कहना है कि 10 दिनों के अंदर उनकी मांग पूरी नहीं होती है तो नगर की दुकानें बंद कर धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य हो जाएंगे|

नगर अध्यक्ष पुष्पलता देवांगन ने नगर पंचायत कार्यालय में भ्रष्टाचार को शह देने वाले कर्मचरियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही और अवैध वसूली पर लगाम लगाने कसने की  बात कही है | वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद रोशन केला ने भी प्रधानमंत्री आवास के नाम पर कर्मचारियों द्वारा पैसे मांगे जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था | जिसके बाद कर्मचारियों  में  दहशत का माहौल बन गया | इसी बीच प्लेसमेंट कर्मचारी दिलीप साहू ने लेनदेन की रसीद बुक को फाड़कर नदी में बहा दिया |

आज चौथे दिन भी इस मुद्दे पर चौक चौराहों पर चर्चा होती रही| इस मामले में व्यापारी संघ के अध्यक्ष सुमित पांडे ने कहा कि नगर में बहुत से दुकानदार नगर पंचायत द्वारा निर्मित दुकानों में किराएदार हैं जो बोली लगाकर दुकान खरीदे हैं |वर्तमान में उनका किराया दे रहे हैं| उन्होंने आगे बताया कि प्लेसमेंट कर्मचारी ने रसीद बुक फाड़ दिया है ऐसे में दुकानदारों द्वारा जमा की गई राशि कार्यालय में जमा है कि नहीं  कैसे पता चलेगा|  क्योंकि कई दुकानदार 4 साल की रसीद को संभालकर नहीं रखे हैं| उन्होंने आगे कहा कि  जब तक पुराने लेन-देन का हिसाब किताब नहीं होता तब तक नए रजिस्टर से एवं रसीद बुक से कोई भी लेन-देन ना किया जाए |नगर के सक्षम अधिकारी इस मुद्दे पर उच्च स्तरीय जांच बहुत जल्द कराएं नहीं तो नगर पंचायत भखारा के व्यापारी संगठन दुकानें बंद रखकर प्रदर्शन करेंगे |उन्होंने आगे बताया कि हमने नगर पंचायत पहुंचकर नगर अध्यक्ष, पार्षद एवं सीएमओ को इस संबंध में जानकारी दे दी  है |
इस मामले में सीएमओ जेपी चौहान का कहना है कि उच्च स्तरीय जांच के लिए विभाग को जानकारी दे दी  गई हैं |बहुत जल्द ही इस मामले की जांच के लिए रायपुर से टीम आने वाली है | मामले का खुलासा हो जायेगा |