धमतरी | जनसंघ भाजपा के प्रणेता एवं देश को अंत्योदय तथा एकात्म मानव दर्शन का विचार देने वाले महामना पं दीनदयाल उपाध्याय की जयंती भाजपाइयों ने रायपुर रोड में नहर किनारे स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर मनायी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ठा. शशि पवार, जिला महामंत्री कविन्द्र जैन, मंडल अध्यक्ष विजय साहू ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुये कहा कि उन्ही के विचार मार्ग का अनुसरण करते हुये भारतीय जनता पार्टी ने पूर्ण बहुमत के साथ दूसरी बार केंद्र की सत्ता संभाली। अटलजी का अविस्मरणीय कार्यकाल हो या नरेन्द्र मोदी का 6 वर्ष का कार्यकाल दोनो ने पं दीनदयाल को ही आदर्श मानते हुये जनता की सेवा की | इसी का परिणाम है कि आज जो भी योजना केंद्र सरकार बनाती है वह अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति को ध्यान में रखकर बनाई जाती है। पं उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के पूर्व भाजपाईयों ने उनकी प्रतिमा को स्वच्छ जल से धोया और प्रतिमा स्थल की सफाई भी की | माल्यार्पण के पश्चात प्रतिमा के समक्ष भाजपाइयों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठ गये ।
ज्ञात हो कि 24 सितंबर को महापौर के निज सहायक द्वारा निगम के व्हाट्सएप्प ग्रुप में आयुक्त के नाम से एक आमंत्रण संदेश भेजा गया जिसमें पं दीनदयाल की जयंती पर माल्यार्पण का कार्यक्रम महापौर एवं सभापति द्वारा किया जाना बताया गया | कार्यक्रम में समस्त पार्षद, एल्डरमेन, निगम के अधिकारी कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिकों को भी आमंत्रित किया गया था। कुछ ही समय बाद एक दूसरा संदेश आया जिसमे यह लिखा गया कि अपरिहार्य कारणों से उपरोक्त कार्यक्रम स्थगित किया जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष श्री पवार ने जब इस बारे में आयुक्त से बात की तो उन्होंने बताया कि आमंत्रण उनके द्वारा नही भेजा गया है और न ही उन्हें पहले इसकी जानकारी दी गयी। निगम में महापौर द्वारा अपने निज सहायक के माध्यम से आयुक्त के नाम कुछ भी संदेश जारी कर दिया जाना समझ से परे है। पूर्व में भी महापौर द्वारा अमर शहीदों का अपमान किया गया था जिसे लेकर भाजपा ने कड़ा प्रतिकार किया था। बार बार महापुरुषों का अपमान करना कांग्रेस की संस्कृति हो सकती है परंतु भाजपा इसे किसी कीमत में बर्दाश्त नही करेगी। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष ठा. शशि पवार, जिला महामंत्री कविन्द्र जैन, मंडल अध्यक्ष विजय साहू, हेमंत माला अध्यक्ष नगर पंचायत आमदी. ऋषभ देवांगन ,भूपेन्द्र शाह, बीथिका विश्वास, डिपेंद्र साहू, नीलेश लुनिया, गंगा प्रसाद सिन्हा, श्यामलाल नेताम, हेमंत बंजारे, ननकू महाराज सहित प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।