धमतरी पुलिस को मिली हाईटेक मजबूती: 12 नई डायल-112 ईआरवी वाहनों को दिखाई गई हरी झंडी

6

 धमतरी पुलिस की आपातकालीन सेवा हुई और मजबूत – एसपी धमतरी, महापौर एवं जिला पंचायत अध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहनों को किया रवाना ,  औपचारिक उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति – जिले के 10 थाना क्षेत्रों में अब मिलेगी और तेज त्वरित पुलिस सहायता ,  “हर कॉल पर त्वरित रिस्पांस, हर नागरिक की सुरक्षा” – आधुनिक तकनीक एवं प्रशिक्षित टीम के साथ 24 घंटे सक्रिय रहेंगी हाईटेक ईआरवी वाहन

 धमतरी | पुलिस लाईन रूद्री, धमतरी में आयोजित औपचारिक कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार, महापौर नगर निगम धमतरी रामू रोहरा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा द्वारा हरी झंडी दिखाकर हाईटेक डायल-112 एवं ईआरवी (Emergency Response Vehicle) वाहनों को जिले के निर्धारित थाना क्षेत्रों हेतु रवाना किया गया। कार्यक्रम में जिले को प्राप्त कुल 12 नवीन हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहनों के संचालन, रिस्पांस सिस्टम, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्यवाही, घटनास्थल तक शीघ्र पहुंच, तकनीकी समन्वय एवं आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। जिले के 10 थाना क्षेत्रों एवं एक डायल 112 आफिस में ये ईआरवी वाहन 24 घंटे सक्रिय रूप से तैनात रहेंगे, जिससे सड़क दुर्घटना, महिला संबंधी अपराध, विवाद, मारपीट, आपराधिक घटनाओं एवं अन्य आपात परिस्थितियों में नागरिकों को तत्काल एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। छत्तीसगढ़ शासन की यह महत्वाकांक्षी डायल-112 ईआरवी योजना आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें शहर क्षेत्रों में मात्र 10 मिनट एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर पुलिस रिस्पांस सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अत्याधुनिक सेवा के माध्यम से दुर्घटना, अपराध एवं अन्य आपात परिस्थितियों में पीड़ितों तक शीघ्र पहुंचकर तत्काल राहत एवं सुरक्षा प्रदान की जाएगी, जिससे आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों को यह भी अवगत कराया गया कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदत्त इन अत्याधुनिक डायल-112 ईआरवी वाहनों को देश के माननीय केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा हरी झंडी दिखाकर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया गया है। इन वाहनों के जिले में शामिल होने से धमतरी पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता और अधिक प्रभावी एवं मजबूत हुई है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री सूरज सिंह परिहार ने अपने उद्बोधन में कहा कि “डायल-112 एवं ईआरवी सेवा आम नागरिकों की सुरक्षा, विश्वास एवं त्वरित राहत का सबसे सशक्त माध्यम है। प्रत्येक सूचना पर संवेदनशीलता, तत्परता एवं प्रोफेशनल तरीके से कार्य करते हुए न्यूनतम समय में पीड़ितों तक सहायता पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” उन्होंने कहा कि हाईटेक डायल-112 ईआरवी सेवा से जिले की पुलिसिंग और अधिक आधुनिक, तकनीक आधारित एवं प्रभावी बनेगी। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों पर तैनात ये अत्याधुनिक वाहन GPS ट्रैकिंग, PTZ कैमरा, डैश कैमरा एवं मोबाइल डेटा टर्मिनल जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं, जिससे घटनास्थल तक त्वरित पहुंच, बेहतर मॉनिटरिंग एवं प्रभावी पुलिस रिस्पांस सुनिश्चित किया जा सकेगा। साथ ही यह सेवा आमजन और पुलिस के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।  महापौर नगर निगम धमतरी श्री रामू रोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि “आधुनिक तकनीक से सुसज्जित डायल-112 सेवा निश्चित रूप से आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा जनता और पुलिस के बीच विश्वास को और मजबूत करेगी।”  जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरूण सार्वा ने कहा कि “ग्रामीण क्षेत्रों में समयबद्ध पुलिस सहायता उपलब्ध होना अत्यंत आवश्यक है। डायल-112 ईआरवी वाहनों के माध्यम से अब दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को भी तेजी से सहायता मिल सकेगी।”  मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धमतरी श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि “डायल-112 सेवा शासन की जनहितकारी एवं नागरिक केंद्रित पहल है। यह व्यवस्था ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में आपातकालीन परिस्थितियों में आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा प्रशासन एवं पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत करेगी।” कार्यक्रम के दौरान डायल-112 एवं ईआरवी कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में संयमित व्यवहार, प्रभावी संवाद शैली, टीमवर्क, आधुनिक तकनीकी उपकरणों के उपयोग, वायरलेस समन्वय, रिस्पांस टाइम कम करने एवं कानून व्यवस्था संबंधी परिस्थितियों में त्वरित निर्णय क्षमता विकसित करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। वहीं वाहन चालकों को सुरक्षित एवं सतर्क ड्राइविंग, आपातकालीन मार्ग संचालन एवं जिम्मेदारीपूर्वक ड्यूटी निर्वहन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। धमतरी पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीक आधारित त्वरित पुलिसिंग व्यवस्था को सशक्त बनाने एवं आम नागरिकों को सुरक्षित, भरोसेमंद एवं समयबद्ध पुलिस सहायता उपलब्ध कराने हेतु लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे जिले में कानून व्यवस्था एवं जनविश्वास दोनों और अधिक मजबूत हो सकें। अंत में डीएसपी सुश्री मोनिका मरावी द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अतिथियों, समाजसेवियों, मीडिया बंधुओं एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्य कार्यपालनअधिकारी जिला पंचायत धमतरी श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री शैलेन्द्र कुमार पांडेय,सीएसपी. श्री अभिषेक चतुर्वेदी,नगर निगम आयुक्त धमतरी श्रीमती प्रिया गोयल, डीएसपी सुश्री मोनिका मरावी, डीएसपी सुश्री मीना साहू, एसडीओपी नगरी श्री विपिन रंगारी,श्रीमती ज्योति हरख जैन जनपद पंचायत अध्यक्ष भखारा, रक्षित निरीक्षक श्री दीपक शर्मा,थाना प्रभारी, समाजसेवीगण,चेंबर्स ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी, रोटरी क्लब,लायंस क्लब, लाइनेस क्लब के प्रतिनिधि,पार्षद गण,बीजेएस, पुलिस पेंशनर्स, रिटायर्ड फौजी, रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी, मीडिया बंधु, डायल-112 प्रभारी निरीक्षक सुश्री गायत्री सिन्हा,यातायात प्रभारी, एमटीओ सहित डायल-112 एवं ईआरवी के समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं वाहन चालक उपस्थित रहे।