डिप्टी कलेक्टर डी.एस. ध्रुव सेवानिवृत्त हुए, कलेक्टर ने दी भावभीनी विदाई

220

धमतरी | जिला कार्यालय में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर डी.एस. ध्रुव सेवानिवृत्त हो गए। कलेक्टर  जयप्रकाश मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित सादे समारोह में  डिप्टी कलेक्टर श्री ध्रुव को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर कलेक्टर ने अपनी शुभकामनाएं देते हुए उनके पारिवारिक जीवन में खुशहाली व सेहतमंदी के लिए कामना की। कलेक्टर ने श्री ध्रुव के कार्यकाल को बेहतर बताते हुए कहा कि छोटे से पद से अपने हुनर के बूते ऊंची छलांग लगाई और राज्य प्रशासनिक सेवा का पद धारण कर अपनी कार्यशैली से जिले में अपनी पृथक् पहचान बनाई। अपर कलेक्टर दिलीप अग्रवाल ने भी श्री ध्रुव के कार्यकाल पर प्रकाश डालते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर कलेक्टर एवं उपस्थित अधिकारियों के द्वारा सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर श्री ध्रुव को स्मृति चिन्ह एवं शाॅल व श्रीफल भेंट किया गया।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान गरियाबंद जिले की छुरा तहसील के ग्राम हरदी निवासी श्री ध्रुव सहायक ग्रेड-3 के तौर पर तत्कालीन रायपुर जिले की मैनपुर तहसील (देवभोग) में सहायक ग्रेड-03 के तौर पर पदस्थ हुए। इसके बाद वे आदिवासी विकास विभाग में प्रतिनियुक्ति पर रहते हुए जिला कार्यालय महासमुंद में सहायक अधीक्षक के तौर पर 1998 से 2005 तक पदस्थ रहे। तदुपरांत कवर्धा जिले में 2006 से 2007 के बीच अधीक्षक के तौर पर अपनी सेवाएं दीं, जिसके बाद वापस जिला कार्यालय महासमुंद में 2007 से 2018 तक अधीक्षक के रूप में पदस्थ रहे। फिर जनवरी 2018 में राज्य प्रशासनिक सेवा के डिप्टी कलेक्टर के तौर पदोन्नत हुए। तदुपरांत सितम्बर 2018 से आज पर्यन्त जिला कार्यालय धमतरी में डिप्टी कलेक्टर के रूप में अपनी अनवरत सेवाएं दीं। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे, डिप्टी कलेक्टर डी.सी. बंजारे, एच.एल. गायकवाड़ सुश्री अर्पिता पाठक आदि उपस्थित रहे।