कोरोना महामारी के आपदा काल में भी प्रदेश सरकार निभा रही सकारात्मक भूमिका

444

ग्राम पंचायत रामपुर में प्रभारी मंत्री ने किया 37 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

धमतरी | प्रदेश के वाणिज्यिक कर (आबकारी), उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री कवासी लखमा ने आज कुरूद विकासखंड की ग्राम पंचायत रामपुर में 37 लाख 5 हजार रुपए के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पूरे विश्व को कोरोना महामारी के संकट काल से गुजर ना पड़ रहा है। ऐसे प्रतिकूल दौर में भी मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार सकारात्मक भूमिका निभा रही है।


कैबिनेट मंत्री श्री लखमा ने आज शाम चार बजे ग्राम पंचायत रामपुर (भखारा) पहुंचकर 37 लाख 5 हजार रूपए के छह निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें छह लाख 50 हजार रुपए की लागत निर्मित शीतला सामुदायिक भवन, एक लाख रुपए से निर्मित हाई स्कूल रंगमंच निर्माण तथा 5.65 लाख रुपए के हाईमास्ट सोलर लाइट का लोकार्पण शामिल हैं। इसी तरह 7.55 लाख रुपए के धान खरीदी चबूतरा निर्माण, 11.35 लाख रुपए का हाट बाजार शेड निर्माण तथा 5 लाख रुपए की लागत वालेे ग्राम पंचायत में अतिरिक्त कक्ष निर्माण सह सायकल स्टैंड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन प्रभारी मंत्री ने किया। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए आगे कहा कि किसान पुत्र मुख्यमंत्री श्री बघेल प्रदेशवासियों के दुख-दर्द से भली-भांति अवगत हैं।
अपने वायदे के मुताबिक प्रदेश की सरकार ने 2500 रुपए प्रति क्विंटल के मान से मेहनतकश किसानों से धान-खरीदी की। वहीं अंतर की राशि की अदायगी राजीव गांधी किसान न्याय योजना के जरिए की जा रही है। कैबिनेट मंत्री श्री लखमा ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और शासन-प्रशासन आम जनता के साथ है। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा कतिपय मांगों एवं समस्याओं के निराकरण के बारे में उन्होंने संबंधित विभाग के मंत्री से पत्राचार कर अवगत कराने की बात कही। ग्रामीणों को महापौर श्री विजय देवांगन तथा जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री नीशू चंद्राकर ने संबोधित करते हुए शासन की नीतियों पर संक्षिप्त में प्रकाश डाला। इसके पहले प्रभारी मंत्री ने ग्राम की आराध्या देवी शीतला माता के मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की तथा ग्रामीणों एवं जिलावासियों की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कांति सोनवानी, कुरूद के पूर्व विधायक श्री लेखराम साहू, नगर पंचायत भखारा के पूर्व अध्यक्ष श्री भरत नाहर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि गण उपस्थित थे।