
धमतरी | हटकेशर वार्ड के निवासियों ने अपने पार्षद सूरज गहेरवाल के नेतृत्व में नगर निगम महापौर रामू रोहरा से सौजन्य मुलाकात कर वार्ड की विभिन्न मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया। मुलाकात के दौरान वार्डवासियों ने विशेष रूप से सुरेश साहू के घर से मुजगहन नाला तक धरसा रोड निर्माण कराने की मांग प्रमुखता से रखी। रहवासियों ने बताया कि उक्त मार्ग कच्चा एवं जर्जर स्थिति में है, जिससे आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे बुजुर्गों एवं दैनिक कामकाज के लिए आने-जाने वाले लोगों को दिक्कतें होती हैं। वार्डवासियों ने शीघ्र सड़क निर्माण की मांग करते हुए इसे प्राथमिकता में शामिल करने का अनुरोध किया। महापौर श्री रामू रोहरा ने वार्डवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश देने की बात कही। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्राथमिकता के आधार पर धरसा रोड निर्माण कार्य को स्वीकृति दिलाकर जल्द ही कार्य प्रारंभ कराने का प्रयास किया जाएगा। महापौर के सकारात्मक आश्वासन से संतुष्ट वार्डवासियों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।





