सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर दो युवतियों से लाखों की ठगी,एक गिरफ्तार

44

सरगुजा ।  सरगुजा में महिला एवं बाल विकास विभाग में अधिकारी के पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर 2 युवतियों से 10 लाख रुपए की ठगी करने वाले एक आरोपी को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है और दूसरा फरार है। जिसकी तलाश जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार अंबिकापुर मिशन चौक के पास निवासरत 2 युवतियों को मोहल्ले के ही संजय कुमार गुप्ता और किशोर कुमार गुप्ता ने महिला बाल विकास विभाग में अधिकारी के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा दिया। दोनों आरोपियों ने युवतियों को बताया कि उनकी पहुंच विभाग से मंत्रालय तक है। आरोपियों ने युवतियों से 10 लाख रुपए मांगे। पीडि़तों ने 7 लाख रुपए कैश और 3 लाख रुपए बैंक खातों के माध्यम से आरिपियों के खातों में ट्रांसफर कर दिया। युवतियों की नौकरी नहीं लगी तो उन्होंने आरोपियों से रूपये वापस मांगे। आरोपियों ने रुपए वापस नहीं किया और टालमटोल करने लगे। जिसके बाद युवतियों को ठगे जाने का एहसास हुआ तो उन्होंने मामले की शिकायत 27 फरवरी 2023 को गांधीनगर थाने में दर्ज कराई गई। मामले में पुलिस ने धारा 420, 34 का अपराध दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी संजय कुमार गुप्ता और किशोर कुमार गुप्ता को 27 फरवरी 2024 को नोटिस जारी कर थाना उपस्थित होने के लिए कहा गया था, लेकिन आरोपियों ने किसी प्रकार की सूचना नहीं दी और न ही थाने गए। जिसके बाद एक आरोपी संजय कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। संजय गुप्ता ने पूछताछ के दौरान किसी प्रकार सहयोग नहीं किया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पकड़ा गया आरोपी संजय गुप्ता पहले ट्रक का संचालन करता था। सामानों की हेराफेरी के मामले में कोतवाली थाने में उसके खिलाफ  धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया था। मामले का दूसरा आरोपी किशोर कुमार गुप्ता फरार है। जिसकी तलाश की जा रही है।