
ग्राम परेवाडीह में आयोजित तीन दिवसीय कबीर सत्संग समारोह में शामिल हुई पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू, संतों से लिए आशीर्वाद
धमतरी | ग्राम परेवाडीह में आयोजित तीन दिवसीय कबीर सत्संग समारोह में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू शामिल हुईं। इस अवसर पर इलाहाबाद से पधारे संत श्री धर्मेंद्र साहेब जी सहित स्थानीय संतों के आशीर्वचन एवं कबीर वाणी सुनने का सौभाग्य उन्हें प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामवासी उपस्थित होकर सत्संग का लाभ लिए। सत्संग कार्यक्रम में संत श्री धर्मेंद्र साहेब जी ने कबीर साहेब की वाणी के माध्यम से मानव जीवन में सत्य, सदाचार, सेवा और मानवता का संदेश दिया, उन्होंने कहा कि संतों की शिक्षाएं समाज को सही दिशा देने का कार्य करती हैं। इस अवसर पर श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू ने कहा कि संत कबीरदास जी की वाणी मानव जीवन के लिए अमूल्य मार्गदर्शन है, कबीर साहेब ने अपने दोहों और वचनों के माध्यम से समाज में फैली कुरीतियों, भेदभाव और आडंबर का विरोध करते हुए सत्य और सरल जीवन का संदेश दिया है। आज के समय में भी उनके विचार समाज में समानता, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि संतों के सत्संग से व्यक्ति के विचारों में सकारात्मक परिवर्तन आता है और जीवन में धर्म, संस्कार एवं मानवता के प्रति जागरूकता बढ़ती है। श्रीमती साहू ने इस आयोजन के लिए आयोजकों एवं ग्रामवासियों को बधाई देते हुए सभी के सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती धनेश्वरी साहू, भाजपा नेत्री रितिका यादव, क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाज के वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और संतों के आशीर्वचन का लाभ प्राप्त किए।





