
श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में भगवान श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा के दो वर्ष पूर्ण होने पर ग्राम कोलियारी (नाका चौक) में संगीतमय श्रीराम मानस कथा आयोजन में शामिल हुई भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती रंजना साहू, श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा और संस्कारों की जीवंत प्रेरणा है : रंजना साहू, श्रीराम मानस से समाज में सेवा, समर्पण और एकता की भावना सशक्त होती है : मोनिका देवांगन
धमतरी | श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में भगवान श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा के दो वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर ग्राम कोलियारी (नाका चौक) में संगीतमय श्रीराम चरित मानस व्याख्यान एवं श्रीराम मंदिर में दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन श्रीराम जानकी मंदिर समिति, नाका चौक कोलियारी द्वारा किया गया, जिसमें भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोनिका देवांगन, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं जनपद सदस्य श्रीमती अनीता मुकेश यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन, ग्रामवासी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके पश्चात संगीतमय श्रीराम चरित मानस व्याख्यान के माध्यम से श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, त्याग और सामाजिक समरसता के संदेश को जनमानस तक पहुँचाया गया। सुबह से आरंभ यह आयोजन देर रात्रि तक श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू ने कहा कि भगवान श्रीराम केवल एक आराध्य ही नहीं, बल्कि भारत की आत्मा हैं, उनका जीवन सत्य, धर्म, कर्तव्य और मर्यादा का अनुपम उदाहरण है, अयोध्या में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा हर भारतीय के लिए गर्व और आस्था का विषय है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करते हैं और आने वाली पीढ़ियों को अपने संस्कारों से जोड़ते हैं। श्रीमती रंजना साहू ने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि श्रीराम चरित मानस के माध्यम से समाज में नैतिक मूल्यों, पारिवारिक संस्कारों और सामाजिक एकता का संदेश मिलता है, ग्राम स्तर पर इस प्रकार के धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करती हैं। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोनिका देवांगन ने कहा कि श्रीराम का जीवन हमें सेवा, समर्पण और संयम का मार्ग दिखाता है, श्रीराम मानस सम्मान व्याख्यान जैसे आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को प्रबल करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और भाईचारे की भावना का संचार करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि ग्राम कोलियारी में इस प्रकार का भव्य आयोजन यह दर्शाता है कि ग्रामीण अंचल में संस्कृति और परंपराओं के प्रति गहरी आस्था है। मैं आयोजन समिति और समस्त ग्रामवासियों को इस सफल आयोजन के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ देती हूँ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, मातृशक्ति, युवा वर्ग एवं वरिष्ठजनों की उपस्थिति रही। मानस कथा और दीप प्रज्वलन के साथ पूरा क्षेत्र श्रीराममय वातावरण में सराबोर रहा।






