
धमतरी | शहर के महेंद्रा शोरूम के सामने स्थित रानी सती दादी मंदिर में इन दिनों आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष संचार देखने को मिल रहा है, मंदिर परिसर में चल रहे प्रवास के अंतर्गत परम पूजनीय श्री अरुणा दीदी की उपस्थिति ने सम्पूर्ण क्षेत्र को भक्ति और श्रद्धा से सराबोर कर दिया है, दूर-दूर से श्रद्धालु उनके दर्शन और आशीर्वाद के लिए मंदिर पहुंच रहे है। इसी आध्यात्मिक वातावरण के मध्य मंदिर में एक नवीन हॉल निर्माण हेतु भूमि पूजन समारोह का आयोजन किया गया। यह हॉल आने वाले समय में धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए एक सशक्त केंद्र बनेगा। भूमि पूजन विधिवत मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न हुआ। परम पूजनीय श्री अरुणा दीदी ने उपस्थित जनसमूह को अपने आशीर्वचन दिए, जिसमें उन्होंने सेवा, संयम और सच्ची श्रद्धा के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से की गई प्रार्थना और सेवा ही परमात्मा तक पहुंचने का मार्ग है। उन्होंने नगरवासियों से समाज में एकता बनाए रखने, पर्यावरण की रक्षा करने और मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म मानने का आह्वान किया। इस विशेष अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू भी मंदिर पहुंचीं। रंजना साहू ने सर्वप्रथम रानी सती दादी के दर्शन कर नगर की खुशहाली, समृद्धि और स्वच्छता के लिए प्रार्थना की। इसके पश्चात उन्होंने परम पूजनीय श्री अरुणा दीदी से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किए। श्रीमती रंजना साहू ने कहा कि रानी सती दादी और परम पूजनीय श्री अरुणा दीदी की दिव्य उपस्थिति हमारे नगर के लिए सौभाग्य का प्रतीक है, इनसे मिलने वाला आशीर्वाद न केवल हमें आत्मिक शांति प्रदान करता है, बल्कि पूरे नगर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। श्रीमती साहू ने आगे कहा कि धार्मिक स्थलों का संरक्षण और उनका विकास, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना के लिए अत्यंत आवश्यक है। रानी सती दादी मंदिर में बनने वाला नया हॉल आने वाले समय में समाज को जोड़ने का माध्यम बनेगा। इस अवसर पर महापौर श्री रामू रोहरा, सभापति श्रीमती कौशल्या देवांगन, नगर निगम के पार्षदगण और अन्य सामाजिक गणमान्य नागरिकगण उपस्थित रहे।