
मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना से धमतरी को बड़ी सौगात : 2.14 करोड़ कार्य प्रारम्भ हुआ । गोकुलपुर वार्ड में महापौर रामू रोहरा ने किया विद्युत पोल स्थापना का भूमि पूजन
धमतरी। प्रदेश की महत्त्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत धमतरी नगर निगम को बड़ी सौगात मिली है। योजना के तहत नगर निगम क्षेत्र के 40 वार्डों में विद्युत सुधार कार्यों के लिए 2 करोड़ 14 लाख रुपये की राशि कार्य सप्रारम्भ की गई है। इसी क्रम में गोकुलपुर वार्ड, भटगांव रोड स्थित संदीप डेयरी के पास विद्युत पोल स्थापना कार्य का विधिवत भूमि पूजन महापौर श्री रामू रोहरा के करकमलों से संपन्न हुआ।
भूमि पूजन अवसर पर महापौर श्री रोहरा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि गोकुलपुर वार्ड सहित कई क्षेत्रों में लंबे समय से विद्युत पोल स्थापना, पोल शिफ्टिंग तथा जर्जर केबल बदलने की मांग की जा रही थी, जिसे अब मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के माध्यम से पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि योजना के अंतर्गत शहर के सभी 40 वार्डों में आवश्यकतानुसार विद्युत पोल शिफ्टिंग, नए पोल की स्थापना तथा पुराने एवं क्षतिग्रस्त केबल वायर बदलने का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। इससे विद्युत व्यवस्था अधिक सुरक्षित, सुदृढ़ एवं व्यवस्थित होगी।
महापौर ने कहा कि मजबूत विद्युत अधोसंरचना से नागरिकों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी तथा दुर्घटनाओं की संभावना में भी कमी आएगी। नगर निगम द्वारा वार्डों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम के 40 वार्डों के पार्षदों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था सुधार हेतु नए विद्युत पोल लगाने, पोल शिफ्टिंग करने एवं केबल वायर बदलने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किए गए थे। उन्हीं प्रस्तावों के आधार पर शासन स्तर से यह स्वीकृति प्राप्त हुई है।
कार्यक्रम में सभापति कौशिल्या देवांगन, एपी सोनी कार्यपालन अभियंता,धमतरी संभाग भारत सिन्हा सहायक अभियंता, धमतरी शहर रूपेश जोशी सहायक अभियंता,प्रोजेक्ट शेषनारायण देवांगन कनिष्ठ अभियंता संबंधित ठेकेदार,वार्ड पार्षद गजेंद्र कंवर,संतोष सोनकर,संजय देवांगन, जनप्रतिनिधि गण,नगर निगम के अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों ने इस महत्त्वपूर्ण कार्य के लिए महापौर एवं शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इससे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होगा तथा शहर के विकास को नई गति मिलेगी।






