महिला सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार का बड़ा कदम रहा है “महतारी वंदन योजना” : रंजना साहू

4

महिला दिवस पर धमतरी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुईं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना डीपेंद्र साहू

धमतरी | जिला महिला एवं बाल विकास विभाग धमतरी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं तथा बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही। इस अवसर पर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और पूरे प्रदेश की महिलाओं को संबोधित किया। उन्होंने महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में राशि अंतरित कर मातृशक्ति को बड़ी सौगात अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दी। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा महतारी वंदन योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू ने कार्यक्रम में सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन पूरे प्रदेश की माताओं-बहनों के लिए ऐतिहासिक और यादगार दिन है, छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति को सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने महतारी वंदन योजना प्रारंभ की है, जिससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की नई दिशा मिली है। श्रीमती साहू ने कार्यक्रम में आगे कहा कि महिलाएं समाज और परिवार की आधारशिला होती है, जब महिला सशक्त होती है तो परिवार, समाज और राष्ट्र स्वतः सशक्त हो जाता है। प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान और विकास के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। महतारी वंदन योजना से प्रदेश की लाखों महिलाओं को आर्थिक सहयोग मिल रहा है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा, आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, प्रशासन और राजनीति सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। साथ ही महिलाओं को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई और उनके अधिकारों तथा सशक्तिकरण पर चर्चा की गई। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।