बेटी को उपहार ग्रुप, धमतरी द्वारा हेमलता के विवाह पूर्व “झाला वारना” “खोल भरने” और घरवा की रस्म संपन्न

1

धमतरी | सामाजिक संवेदनशीलता और सहभागिता का एक उत्कृष्ट उदाहरण सामने आया, जब बेटी को उपहार ग्रुप, धमतरी के माध्यम से लालबगीचा वार्ड की बेटी हेमलता के विवाह पूर्व पारंपरिक “झाला वारना” एवं “खोल भरने” की रस्म सादगी और गरिमा के साथ संपन्न की गई। इस अवसर पर नवजीवन की मंगलकामनाओं के साथ बेटी को उपहार प्रदान कर आशीर्वाद दिया गया। कार्यक्रम में, सदस्य नेहा गोयल ने “घरवा” रस्म निभाते हुए बेटी को नोज पिन एवं सुहाग सामग्री भेंट की तथा उसके चरण स्पर्श कर स्नेह और आशीष प्रदान किया। इस भावपूर्ण क्षण ने पूरे वातावरण को आत्मीय बना दिया। उल्लेखनीय है कि लगभग चार वर्ष पूर्व हेमलता की माता के आकस्मिक निधन के पश्चात उनके पिता श्रवण सेन को अपनी तीसरी छोटी पुत्री के पालन-पोषण एवं शिक्षा में अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। ऐसे में, जब हेमलता का विवाह एक अच्छे परिवार में तय हुआ, तो एक ओर खुशी थी, वहीं दूसरी ओर उसे सुखपूर्वक विदा करने की चिंता भी स्वाभाविक रूप से बनी हुई थी। परिजनों द्वारा परिस्थिति से अवगत कराए जाने पर बेटी को उपहार ग्रुप, धमतरी के माध्यम से सहयोग की पहल की गई, जिसके अंतर्गत विवाह हेतु आवश्यक सामग्री, पोशाक एवं उपहारों की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर रसीला बेन दोशी, प्रभा रावत, सूर्या लुंकड़, रीता लुंकड़, कविता राठी, नेहा गोयल एवं डॉ. सरिता दोशी ने पारंपरिक रस्मों का निर्वहन करते हुए बेटी को आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम में हेमलता की बुआ, कजिन एवं अन्य परिजन भी उपस्थित रहे। उन्होंने भावुक होकर प्राप्त सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ग्रुप की संरक्षक श्रीमती प्रभा रावत ने बताया कि, संपर्क करने वाले परिवार की परिस्थितियों को समझते हुए, उनकी आवश्यकता के अनुरूप विवाह के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। साथ ही, एक सादगीपूर्ण कार्यक्रम के माध्यम से बेटी को शगुन स्वरूप सामग्री भेंट कर शुभकामनाएं दी जाती हैं। संयोजक डॉ. सरिता दोशी ने बताया _बेटी को उपहार ग्रुप के माध्यम से सन वर्ष 2016 से प्रारंभ इस पहल के अंतर्गत यह 20वीं बेटी है, जिसके विवाह पूर्व यह परंपरा निभाई गई।