
टैक्स जमा नहीं करने पर आगे भी कार्यवाही जारी रहेगी , समय रहते जमा कर दे निगम को अपना टैक्स, मार्च माह के बाद लगेगा अतिरिक्त अधिभार
धमतरी | नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल एवं उपायुक्त पीसी सार्वा के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति से पूर्व नगर निगम द्वारा बकाया कर वसूली को लेकर सख्त अभियान चलाया जा रहा है। निगम के सभी 40 वार्डों में बकायादारों की सूची तैयार कर बिल नोटिस वितरण की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। करदाताओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि लोग आसानी से अपना कर जमा कर सकें। नगर निगम के सहायक राजस्व निरीक्षक लगातार घर-घर जाकर करदाताओं से संपर्क कर टैक्स, जलकर एवं दुकान किराया जमा करने की अपील कर रहे हैं। इसके बावजूद जो लोग अब तक बकाया राशि जमा नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध निगम की गठित वसूली टीम द्वारा सघन कार्रवाई की जा रही है। निगम प्रशासन के निर्देश पर बड़े बकायादारों के नल कनेक्शन विच्छेद की कार्रवाई भी पुनः प्रारंभ की जा रही है। इसके लिए वसूली दल के प्रभारी एवं सदस्य विभिन्न वार्डों में पहुंचकर कार्रवाई करेंगे। साथ ही 24 ऐसे दुकान किरायेदारों की सूची तैयार की गई है, जिनके द्वारा लंबे समय से किराया जमा नहीं किया गया है। इन दुकानों में ताला बंदी कर सील करने की कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त प्रिया गोयल ने कहा कि निगम द्वारा करदाताओं को कई बार नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने का अवसर दिया गया है। इसके बावजूद भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर अपने करों का भुगतान करें, ताकि अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सके।
उपायुक्त पीसी सार्वा ने कहा कि नगर निगम का यह वसूली अभियान लगातार जारी रहेगा। बड़े बकायादारों पर विशेष निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार नल कनेक्शन विच्छेद और दुकान सील जैसी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी करदाताओं से जल्द से जल्द बकाया राशि जमा करने की अपील की है। वसूली दल क्रमांक-3 के प्रभारी मोहम्मद शेरखान ने बताया कि 13 मार्च 2026 को निगम की टीम ने नया बस स्टैंड क्षेत्र की एक दुकान, एफसीआई गोदाम क्षेत्र की एक दुकान तथा इतवारी बाजार क्षेत्र की चार दुकानों सहित कुल 6 दुकानों को सील किया। इन दुकानों पर कुल 1 लाख 73 हजार रुपये की बकाया राशि थी। इस कार्रवाई में दल प्रभारी मोहम्मद शेरखान के साथ सनी वाल्मीकि, कन्हैया मांडवी, खिलावन रजक, कमलेश साहू एवं सरिता सोना सहित निगम की टीम उपस्थित रही।





