धमतरी क्रिस्चियन हॉस्पिटल के विरुद्ध आयुष्मान योजना के अंतर्गत की गई कार्यवाही, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की सुनिश्चितता की दिशा में राज्य सरकार का महत्वपूर्ण कदम, आयुष्मान भारत योजना से अस्पताल का पंजीयन 03 माह के लिए निलंबित
धमतरी | आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पात्र हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने राज्य सरकार द्वारा सतत् निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण, भारत सरकार द्वारा प्राप्त विभिन्न NAFU ट्रिगर्स के आधार पर धमतरी क्रिस्चियन हॉस्पिटल का राज्य स्तरीय टीम द्वारा औचक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के उपरांत प्राप्त तथ्यों एवं दस्तावेजों की विस्तृत समीक्षा के पश्चात् कुछ अनियमितताएं पाई गईं, जिन पर अस्पताल प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा गया था। प्रस्तुत स्पष्टीकरण समाधानकारक न पाए जाने पर योजना के निर्धारित दिशा-निर्देश एवं Empanelment Guidelines के अनुरूप आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाही की गई है। राज्य नोडल एजेंसी द्वारा आयुष्मान योजना के प्रावधानों के तहत केवल आयुष्मान भारत योजना से अस्पताल का पंजीयन 03 माह के लिए निलंबित करते हुए यह सुनिश्चित किया गया है कि भविष्य में योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या नियमों की अवहेलना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा स्पष्ट किया गया है कि दोनों योजनाओं का प्रमुख उद्देश्य सामाजिक एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। इस उद्देश्य की पूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा या अनुबंध उल्लंघन पर सख्त प्रशासनिक कार्यवाही की जाएगी।
राज्य नोडल एजेंसी ने पुनः दोहराया है कि— हितग्राहियों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है। कोई भी अस्पताल निर्धारित प्रोटोकॉल से विचलित पाए जाने पर त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई की जाएगी। सभी पंजीकृत अस्पतालों को योजनांतर्गत सेवाओं का निष्पक्ष, पारदर्शी और लाभकारी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना अनिवार्य है। यह कार्रवाई शासन की प्रतिबद्धता का परिचायक है कि आयुष्मान योजना के दायरे में आने वाले सभी नागरिकों को निःशुल्क उपचार का वास्तविक लाभ किसी भी प्रकार की बाधा या अतिरिक्त खर्च के बिना प्राप्त हो सके।






