कलेक्टर जनदर्शन में गौ संरक्षण, नशामुक्ति अन्य प्रथा पर रोक लगाने संबंधी ज्ञापन सौंपा गया

5

धमतरी | कलेक्टर जनदर्शन में राजमानस संघ, धमतरी के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा को सौंपा। ज्ञापन में प्रदेश में गौ संरक्षण को सुदृढ़ करने, सम्पूर्ण मद्यपान एवं नशामुक्ति लागू करने तथा प्रचलित पशु बलि प्रथा पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की गई। ज्ञापन में गौ हत्या एवं गौ तस्करी पर पूर्ण रोक लगाने, ग्राम पंचायतों की गौचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर गौ अभ्यारण्य विकसित करने तथा प्रत्येक विकासखण्ड में आधुनिक गौशालाओं की स्थापना किए जाने का आग्रह किया गया। साथ ही प्रदेश में चरणबद्ध पूर्ण शराबबंदी लागू करने, अवैध महुआ शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों पर प्रभावी नियंत्रण तथा प्रत्येक जिला मुख्यालय में नशामुक्ति एवं पुनर्वास केन्द्र स्थापित करने की मांग की गई।
राजमानस संघ द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन में धार्मिक स्थलों में प्रचलित पशु बलि प्रथा पर रोक लगाने तथा इसके स्थान पर नारियल, चुनरी एवं श्रृंगार सामग्री अर्पित करने जैसी वैकल्पिक पूजा पद्धति को प्रोत्साहित करने का सुझाव भी दिया गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि इस प्रकार की व्यवस्था से धार्मिक आस्था एवं अहिंसा दोनों का संरक्षण संभव है। इस अवसर पर राजमानस संघ के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा को धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित “रघुपति संदेश भाग-2” पुस्तक भी भेंट की। कार्यक्रम में संघ के अध्यक्ष श्री अर्जुनपुरी गोस्वामी, श्रीमती खिलेश्वरी किरण साहू, श्रीमती श्यामा साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। कलेक्टर श्री मिश्रा ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा ज्ञापन को नियमानुसार संबंधित स्तर पर प्रेषित किए जाने का आश्वासन दिया।