
भटगांव (जेवरा–सिरसा)। अंचल के गौरव, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं विख्यात भागवताचार्य पं. सीताराम शर्मा महाराज की नयनाभिराम प्रतिमा का अनावरण 3 दिसंबर, बुधवार को भटगांव में किया जाएगा। यह समारोह सुबह 11 बजे सुरम्य पुष्पवाटिका में आयोजित होगा, जिसमें प्रतिमा का अनावरण छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री श्री गजेंद्र यादव द्वारा किया जाएगा।
कार्यक्रम में पं. सीताराम शर्मा महाराज के शिष्य, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, कला–संस्कृति जगत के विद्वान, वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रहने की संभावना है। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
पं. सीताराम शर्मा को अंचल में एक आध्यात्मिक पुरुष, समाजसेवी और जननायक के रूप में याद किया जाता है। बताया जाता है कि उन्होंने मात्र 12 वर्ष की आयु में अंग्रेजों का सामना करते हुए जेल यातनाएं सही थीं। रायपुर के भनपुरी स्कूल में अध्ययन करते हुए वे स्वतंत्रता रैलियों में तिरंगा लेकर अग्रिम पंक्ति में खड़े होते थे। महात्मा गांधी के छत्तीसगढ़ प्रवास तथा किसान आंदोलनों में उनकी सक्रिय भागीदारी ने उन्हें जनता के बीच एक प्रेरणास्रोत के रूप में प्रतिष्ठित किया।
अनावरण के लिए स्थापित की गई प्रतिमा का निर्माण सुप्रसिद्ध मूर्तिकार अंकुश देवांगन ने किया है। यह प्रतिमा न केवल कला का अनूठा उदाहरण है, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम की अमिट स्मृतियों को भी पुनर्जीवित करती है। मूर्तिकार के निरंतर सृजनशील कार्यों की सराहना प्रख्यात कलाकारों—चित्रकार डी.एस. विद्यार्थी, बी.एल. सोनी, रंगकर्मी विजय शर्मा और साहित्यकार मेनका वर्मा—द्वारा की गई है।
आयोजक ज्योतिषाचार्य पं. कृष्णमूर्ति शर्मा ने बताया कि यह कार्यक्रम न केवल पं. सीताराम शर्मा की स्मृति को नमन है, बल्कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन और सांस्कृतिक अध्यात्म से जोड़ने का प्रयास भी है।






