Home Latest धमतरी में सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत: मगरलोड में जनप्रतिनिधियों संग पुलिस...

धमतरी में सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत: मगरलोड में जनप्रतिनिधियों संग पुलिस की रणनीतिक बैठक, किरायेदार सत्यापन पर जोर

धमतरी। जिले में अपराध नियंत्रण और नागरिक सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने विशेष सत्यापन अभियान को तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर थाना मगरलोड में जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, कोटवारों और अन्य संबंधित हितधारकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में किरायेदार सत्यापन, होटल-लॉज चेकिंग, बाहरी व्यक्तियों की निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर सूचना तंत्र मजबूत करने की रणनीति बनाई गई।

सोमवार को अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (कुरूद) श्रीमती रागिनी मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में कहा गया कि सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की साझा जिम्मेदारी है। पुलिस और जनता के बेहतर समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

बैठक में जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने क्षेत्र में निवासरत सभी बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का रिकॉर्ड अद्यतन रखें तथा प्रत्येक किरायेदार का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। इसके अलावा होटल, लॉज, धर्मशाला, राइस मिल, पोल्ट्री फार्म, फैक्ट्री और निर्माण कार्यों में कार्यरत बाहरी कर्मचारियों एवं श्रमिकों का भी सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस अधिकारियों ने फेरी वालों, घूमंतू साधुओं, बर्तन या सोना चमकाने वाले व्यक्तियों सहित क्षेत्र में आने वाले संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने की अपील की। साथ ही प्रत्येक गांव और वार्ड में क्राइम हॉटस्पॉट चिन्हित कर वहां होने वाली अवैध शराब बिक्री, नशे का कारोबार, जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने पर जोर दिया गया।

बैठक में धमतरी पुलिस के टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि अवैध प्रवासियों, संदिग्ध व्यक्तियों या किसी भी अवैधानिक गतिविधि की सूचना इस नंबर पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई होगी।

जनप्रतिनिधियों ने धमतरी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जनसुरक्षा, नशामुक्ति, अवैध शराब विरोधी अभियान और किरायेदार सत्यापन अभियान की सराहना करते हुए पुलिस को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने और पुलिस के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

बैठक में एसडीओपी (कुरूद) रागिनी मिश्रा, थाना प्रभारी मगरलोड निरीक्षक प्रमोद अमलतास, थाना मगरलोड का पुलिस स्टाफ, जनप्रतिनिधि, सरपंच, कोटवार और अन्य संबंधित हितधारक उपस्थित रहे।

Exit mobile version