आधी रात युवक का आतंक, सड़क पर खड़ी गाड़ियों में की तोड़फोड़, CCTV में कैद पूरी करतूत

265

धमतरी। होलिका दहन से एक रात पहले शहर के रिसाईपारा क्षेत्र में एक युवक द्वारा सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार 3-4 मार्च की रात करीब 2 बजे एक युवक सड़क पर अकेला घूम रहा था और घरों के सामने खड़ी दोपहिया वाहनों को नुकसान पहुंचा रहा था। इस दौरान वह गाड़ियों को गिराने के साथ-साथ लोगों के लिए गंदी गालियां भी दे रहा था।
हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान न तो आसपास के लोग बाहर निकले और न ही इलाके में कोई पुलिस वाहन दिखाई दिया। अब यह वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी है और कार्रवाई की मांग उठ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले भी रिसाईपारा की एक अन्य गली में कुछ युवकों को दिन-दहाड़े कारों के शीशे तोड़ते हुए देखा गया था। ऐसे में क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
फिलहाल लोग यह देखना चाहते हैं कि कोतवाली पुलिस इस युवक के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।